सवाई माधोपुर, 21 मई। तंबाकू नियंत्रण की दिशा में राजस्थान ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए वैश्विक पटल पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित “वर्ल्ड नो टोबैको डे अवॉर्ड” के लिए राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान हेतु विश्व स्तरीय सम्मान से नवाजा है। दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में राजस्थान को यह गौरव वर्ष 2025-26 के दौरान तंबाकू उन्मूलन की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के आधार पर प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस वैश्विक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे राज्य सरकार की जनस्वास्थ्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और प्रभावी नीतियों का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त राजस्थान के संकल्प को सिद्ध करने हेतु सरकार निरंतर युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सफलता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, चिकित्सा कर्मियों और सामाजिक संगठनों के साझा प्रयासों और सामूहिक समर्पण का परिणाम है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने इस विषय पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि राजस्थान ने तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में देशभर के समक्ष एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत किया है। राज्य भर में तंबाकू मुक्ति उपचार और परामर्श सेवाओं का व्यापक विस्तार किया गया है, जिसका लाभ लाखों नागरिक ले रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनजागरूकता अभियानों और कानून के सख्त प्रवर्तन के माध्यम से इस मुहिम को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

वर्तमान में राज्य के ब्लॉक स्तर तक 500 से अधिक तंबाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों की उपलब्धता को सहज बनाने के लिए इन्हें जियो-टैग कर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति अपनी निकटतम सुविधा तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित कर सकें। राज्य सरकार ने “सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003” तथा “इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम-2019” के तहत प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई को अंजाम दिया है। जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 60 हजार से अधिक तंबाकू निषेध संदेशों के माध्यम से व्यापक जन-अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त, राज्य के 83 हजार से अधिक विद्यालयों में “तंबाकू मुक्त विद्यालय” निर्देशों की पालना सुनिश्चित की गई और नुक्कड़ नाटकों, प्रतियोगिताओं व रैलियों जैसी लगभग 2 लाख 55 हजार जनजागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story