जयपुर। राजस्थान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के विशेष अभियान के तहत 15 अक्टूबर तक फॉर्म-6 के 5,45,863 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के 3,03,110 आवेदन शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEOs) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (EROs) के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने पंजीकरण से वंचित सभी पात्र नागरिकों तक पहुंचने और मतदाता सूची में उनका नाम जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

नवीन महाजन ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 15 अक्टूबर तक प्राप्त कुल 5,45,863 आवेदनों में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 3,03,110 आवेदन शामिल हैं। इनमें 31,600 अग्रिम आवेदन तथा 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक प्राप्त 2,71,510 आवेदन हैं। वहीं, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के पात्र व्यक्तियों के मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए इसी अवधि में 2,42,753 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

बैठक में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के पंजीकरण की जिला और विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को पंजीकरण से शेष पात्र युवाओं तक पहुंचने और आवेदन प्राप्त करने के प्रयास अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) को पंजीकरण से वंचित पात्र मतदाताओं की पहचान करने और उन्हें फॉर्म-6 भरने में सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

समीक्षा में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और अन्य पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के मामले में विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति सामने आई। भरतपुर, करौली, बूंदी, अलवर और धौलपुर जिलों में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे पात्र व्यक्तियों के सर्वाधिक आवेदन प्राप्त किए गए, जो अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हुए हैं। इन जिलों में अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।

विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा में बसेड़ी, कठूमर, नदबई, अलवर ग्रामीण, बाड़ी, वैर, बामनवास, सपोटरा, केशोरायपाटन, नगर, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, बेगूं, कोटपुतली, चूरू, हिंडौन और झोटवाड़ा में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं एवं नवमतदाताओं के पंजीकरण के लिए सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए। इन क्षेत्रों में पंजीकरण से शेष युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया गया।

वहीं, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान कर उनके पंजीकरण के लिए आवेदन प्राप्त करने में करौली, अलवर, भरतपुर, जयपुर और सवाई माधोपुर जिले अग्रणी रहे, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा में झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, तिजारा, हिण्डौन, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, गंगापुर, रामगढ़, करौली और सपोटरा में इस आयु वर्ग के पात्र लेकिन पंजीकरण से वंचित मतदाताओं के लिए सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए।

अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र युवा एवं नवमतदाता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिले। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विद्यालयों और महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC), SVEEP गतिविधियों तथा स्थानीय जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और नवमतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

नवीन महाजन ने अधिकारियों को रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक बस्तियों, बेघर व्यक्तियों और वंचित वर्गों तक विशेष रूप से पहुंच बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुरूप अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभियान के तहत जारी प्रयासों का लक्ष्य सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करना और मतदाता सूची में नाम शामिल होने से छूटे लोगों तक पहुंच बनाना है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story