15 साल से पुराने वाहनों के लिए खुशखबरी: आरसी नवीनीकरण पर मिली बड़ी राहत, 30 तक मौका
सवाई माधोपुर में 15 वर्ष से पुराने वाहनों के लिए सरकार ने एमनेस्टी योजना लागू की है। क्या आप जानते हैं कि मात्र एक हजार रुपये में आरसी नवीनीकरण कैसे संभव है और पेनल्टी से राहत पाने के लिए आपके पास कितना समय बचा है? पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

सवाई माधोपुर, 11 जुलाई। राज्य सरकार ने 15 वर्ष या उससे अधिक पुराने वाहनों के पंजीयन प्रमाण-पत्र यानी आरसी के नवीनीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष एमनेस्टी योजना लागू की है। इस योजना के तहत वाहन स्वामियों को निर्धारित एकमुश्त राशि जमा कर आरसी का नवीनीकरण कराने का अवसर दिया गया है, साथ ही उन्हें पेनल्टी में विशेष राहत का लाभ भी मिलेगा। योजना का लाभ उठाने के लिए अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है।
जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह एमनेस्टी योजना विशेष रूप से 15 वर्ष या उससे अधिक पुराने दोपहिया वाहनों, जैसे बाईक, स्कूटर, मोपेड और ट्रैक्टरों के स्वामियों के लिए लाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्यतः दोपहिया वाहनों की आरसी नवीनीकरण में देरी होने पर प्रति माह 300 रुपये की पेनल्टी देय होती है, लेकिन इस योजना के अंतर्गत वाहन स्वामी मात्र एक हजार रुपये की एकमुश्त राशि जमा करके अपने वाहन की आरसी का नवीनीकरण करवा सकेंगे। जिला परिवहन अधिकारी ने सवाई माधोपुर जिले के सभी पात्र वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे योजना की अंतिम तिथि से पूर्व अपने वाहन की आरसी का नवीनीकरण अवश्य करा लें, ताकि राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई इस विशेष राहत का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
