राजस्थान समान नागरिकता संहिता-2026 पर आज भरतपुर संभाग की वर्चुअल जनसुनवाई, पाँच जिलों से लिए जाएंगे सुझाव
राजस्थान समान नागरिकता संहिता-2026 पर 10 जुलाई को भरतपुर संभाग की वर्चुअल जनसुनवाई होगी, जिसमें पाँच जिलों के प्रतिनिधियों और नागरिकों से सुझाव लिए जाएंगे।

राजस्थान समान नागरिकता संहिता-2026 के तहत गठित समिति द्वारा 10 जुलाई को प्रातः 10 बजे सवाई माधोपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित भारत निर्माण सेवा केन्द्र में भरतपुर संभाग स्तरीय वर्चुअल जनसुनवाई एवं जनसंवाद आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सम्भागीय आयुक्त भरतपुर नलिनी कठोतिया के आदेशानुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होगा, जिसमें भरतपुर संभाग के पाँच जिलों से विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के सुझाव लिए जाएंगे।
राजस्थान समान नागरिकता संहिता-2026 के संबंध में आयोजित इस विचार-विमर्श एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में गृह विभाग के संयुक्त सचिव आईएएस सुखवीर सैनी तथा राजस्थान समान नागरिकता संहिता समिति के सदस्य रामस्वरूप अग्रवाल शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथियों के स्वागत से होगी। इसके बाद सम्भागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया स्वागत उद्बोधन देंगी। गृह विभाग, जयपुर के संयुक्त शासन सचिव कार्यक्रम का परिचयात्मक उद्बोधन देंगे तथा राजस्थान समान नागरिकता संहिता समिति के माननीय सदस्य कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
सम्भागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने बताया कि यूसीसी पर आयोजित इस विचार-विमर्श एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में भरतपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली और डीग जिलों के जिला कलेक्टर, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, विधिवेत्ता, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, विधि विशेषज्ञ, एनजीओ, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजन भाग लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे। विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों की सहभागिता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से भी सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में भरतपुर संभाग के भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली और डीग जिलों के उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विधि प्रतिनिधियों के साथ क्रमवार विचार-विमर्श किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक इन सभी जिलों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग सत्रों में सुझाव लिए जाएंगे।
द्वितीय चरण में दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक जनसुनवाई आयोजित होगी, जिसमें पाँचों जिलों से आए नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न वर्गों के लोग अपने सुझाव, विचार और अभिमत प्रस्तुत करेंगे। जनसुनवाई कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जिलावार निर्धारित समयानुसार संचालित किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने कार्यक्रम एवं जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। भरतपुर संभाग के पाँच जिलों की सहभागिता के साथ आयोजित यह जनसुनवाई राजस्थान समान नागरिकता संहिता-2026 पर विभिन्न वर्गों के सुझाव प्राप्त करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
