राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने रामगंज मंडी सांकेतिक रैली के लिए शुरू किया जनसंपर्क
ग्रीष्म अवकाश कटौती के विरोध और सात वर्षों से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण की मांग को लेकर पदाधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों का दौरा किया।

रामगंज मंडी में प्रस्तावित सांकेतिक रैली की तैयारी हेतु वजीरपुर के विभिन्न विद्यालयों में जनसंपर्क करते प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता, अध्यक्ष श्रीजेश गुर्जर और अन्य शिक्षक।
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने ग्रीष्म अवकाश और प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश में कटौती के विरोध में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करते हुए 18 मई 2026 (सोमवार) को रामगंज मंडी में प्रस्तावित विशाल सांकेतिक रैली में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों से संपर्क साधा। प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता और श्रीजेश गुर्जर अध्यक्ष, वजीरपुर के नेतृत्व में यह अभियान विभिन्न विद्यालयों में चलाया गया।
संघ के पदाधिकारियों ने राउमावि खेडलीष, महात्मा गांधी जोगियों का पुरा, राउमावि बगलाई, उप्रावि सुन्दरपुर, राउमावि सैवाला, राउमावि रेडांयल गुर्जर, राप्रावि बाढरायल और बैरवा ढाणी सैवाला में पहुंचकर शिक्षकों को रैली में शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं की जानकारी भी ली गई, जिनमें तृतीय वेतन श्रंखला के अध्यापकों की डीपीसी कई वर्षों से लंबित होना प्रमुख रूप से सामने आया।
शिक्षकों ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा डीपीसी करने के बाद भी पदस्थापन नहीं दिया जा रहा है। स्कूलों में एस एफ सी और अन्य ग्रांट की राशि जुलाई माह में ही उपलब्ध कराने की मांग रखी गई, जबकि आरजीएचएस की दवाइयां वर्तमान में नहीं मिलने पर राज्य सरकार को पत्र लिखने की आवश्यकता जताई गई। दूसरे मंडल से स्थानांतरित होने वाले शिक्षकों को डीपीसी में शामिल करने तथा स्थानांतरण के साथ ही संबंधित पत्रावली समय पर मंडल में स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई गई।
निशुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण को लेकर गंगापुर और बानवास ब्लॉक के लिए गंगापुर से ही वितरण की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया, जिससे राज्य सरकार पर टीए/डीए का भार कम हो और शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो। तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानांतरण विगत 7 वर्षों से बंद होने पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसे शीघ्र खोलने की मांग रखी गई।
नवक्रमोन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालयों में व्याख्याता के पद सृजित करने, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सुंदरपुर में जमीदोज किए गए कमरों के स्थान पर नए कक्ष निर्माण के लिए बजट जारी करने की आवश्यकता भी प्रमुखता से सामने आई। उल्लेखनीय है कि शिक्षा सत्र 2026-27 राज्य सरकार द्वारा 1 अप्रैल से प्रारंभ किया जा चुका है, जबकि सुंदरपुर विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त कक्ष उपलब्ध नहीं हैं।
महात्मा गांधी विद्यालयों में साक्षात्कार के बाद भी शारीरिक शिक्षक, पुस्तकालय अध्यक्ष एवं अन्य पदों पर प्रतिस्थापन नहीं होने तथा वर्ष 2022 के शारीरिक शिक्षकों का नियमितीकरण लंबित रहने पर भी असंतोष जताया गया। पत्रावलियों की जांच का कारण बताते हुए नियमितीकरण रोके जाने के खिलाफ प्रांत स्तर पर पत्र लिखने का निर्णय लिया गया।
प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता ने शिक्षकों से व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने का आह्वान किया और आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा। रैली में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को पीले चावल वितरित किए गए, जिससे आंदोलन को व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
