राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष नरेश सिसोदिया तथा कार्यकारी जिला अध्यक्ष फिरोज खान के नेतृत्व में ग्रीष्म अवकाश और प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश में कटौती के विरोध में 18 मई 2026 (सोमवार) को रामगंज मंडी में प्रस्तावित विशाल सांकेतिक रैली को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत राउमावि बड़ी उदई, महात्मा गांधी बड़ी उदई, राउमावि डिबस्या, उप्रावि खिदरपुर, राउमावि महानंदपुर डयोडा, राउमावि छोटी उदेई, महात्मा गांधी विद्यालय छोटी उदेई तथा राउप्रावि बालिका महान्नदपुर में शिक्षकों से संपर्क किया गया और उन्हें रैली में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया।

संपर्क के दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली गई। इसमें बताया गया कि पातेय वेतन पर प्रधानाध्यापक बनाए जाने के बाद जूनियर को सीनियर बना दिया गया है। तृतीय वेतन श्रंखला के अध्यापकों की कई वर्षों से डीपीसी नहीं हो रही है। शिक्षा विभाग द्वारा डीपीसी करने के बाद भी पदस्थापन नहीं दिया जा रहा है, जिससे विद्यालयों में दो-दो प्रधानाचार्य और तीन से अधिक उप प्रधानाचार्य कार्यरत हैं।

शिक्षकों ने मांग रखी कि स्कूलों में एसएफसी और अन्य ग्रांट की राशि जुलाई माह में ही उपलब्ध कराई जाए। आरजीएचएस के अंतर्गत दवाइयां वर्तमान में नहीं मिलने की समस्या को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखने की आवश्यकता बताई गई। दूसरे मंडल से स्थानांतरित होने वाले शिक्षकों को डीपीसी में स्थान देने और स्थानांतरण के साथ ही सभी पत्रावलियों का समय पर मंडल में स्थानांतरण सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।

इसके अतिरिक्त निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण गंगापुर और बानवास ब्लॉक के लिए गंगापुर से ही किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे राज्य सरकार पर टीए/डीए का भार कम पड़े और शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो। तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानांतरण पिछले सात वर्षों से बंद होने के कारण उत्पन्न पारिवारिक समस्याओं को देखते हुए इसे पुनः प्रारंभ करने की मांग की गई। नवक्रमोन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालयों में व्याख्याता के पद सृजन की आवश्यकता भी प्रमुख रूप से रखी गई।

प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता ने सभी शिक्षकों से उनकी व्यक्तिगत समस्याओं के संबंध में अब तक किए गए पत्राचार और प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने को कहा तथा आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी।

यह रैली शिक्षकों की लंबित समस्याओं को संगठित रूप से उठाने और समाधान की दिशा में दबाव बनाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story