गंगापुर सिटी, 7 अप्रैल। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने शिविरा पंचांग 2026–27 में ग्रीष्मावकाश व संस्था प्रधान द्वारा घोषित अवकाश में कटौती को लेकर प्रदेश भर और सवाई माधोपुर जिले में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर कड़ा विरोध जताया है।

अव्यावहारिक निर्णय पर शिक्षकों में रोष

संगठन के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता और सुरेश चंद्र शर्मा का कहना है कि "राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों व भीषण गर्मी को देखते हुए जून माह में विद्यालय खोलना पूर्णतया अव्यावहारिक है। क्षेत्रीय व स्थानीय उत्सवों एवं आयोजनों में राजकीय अवकाश नहीं होने पर भी वहां के शत- प्रतिशत बालकों की भागीदारी उसमें रहती है, इसी कारण से संस्था प्रधान द्वारा दो अवकाश घोषित किए जाने का प्रावधान रखा गया था। विभाग के अधिकारियों द्वारा बिना नियम के इसमें कटौती किया जाना समझ से परे हैं। शिक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार के गलत व अव्यावहारिक निर्णय लेने से सरकार की छवि भी धूमिल हुई है।"

शिक्षक संघ (सियाराम) के कार्यकारी जिलाध्यक्ष फिरोज खान और नरेश सिसोदिया ने शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने का विरोध करते हुए विभिन्न प्रकार के अवकाशों में की गई कटौती को तत्काल दूर कर शिविरा कैलेंडर में संशोधन की मांग की है। इसको लेकर संगठन के आह्वान पर मंगलवार को शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर आंदोलन का बिगुल बजा दिया है।

आगामी आंदोलन की रूपरेखा

श्रीजेश गुर्जर अध्यक्ष वजीरपुर और गोपाल लाल गुप्ता जिला सभाध्यक्ष ने बताया कि आंदोलन के आगामी चरणों में 8 अप्रैल को सभी उपशाखा स्तर पर उपखंड अधिकारी को व 20 अप्रैल को जिला स्तर से जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।

सत्यप्रकाश गर्ग और राम बाबू शर्मा ने बताया कि उमेश सिंह डूडी (प्रदेश संघर्ष समिति संयोजक) के नेतृत्व में 18 मई को शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल शिक्षक रैली निकाली जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story