राजस्थान शिक्षा विभाग द्वारा जारी नवीन शिविरा पंचांग 2026-27 में ग्रीष्मकालीन एवं अधिकृत अवकाशों में की गई कटौती के विरुद्ध शिक्षकों का आक्रोश फूट पड़ा है। राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम ब्लॉक नादौती ने प्रदेश महामंत्री रामदयाल मीना के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी नादौती को ज्ञापन सौंपकर अवकाश कटौती के आदेश को तत्काल वापस लेने की पुरजोर मांग की है। ब्लॉक अध्यक्ष प्रहलाद मीणा ने सरकार के इस निर्णय को अव्यावहारिक और अन्यायपूर्ण करार देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग ने मनमाने तरीके से ग्रीष्मकालीन अवकाशों में 10 दिन की कटौती की है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आंदोलन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए ब्लॉक महामंत्री चंद्रभान सिंह ने बताया कि विरोध के प्रथम चरण में बीते 7 अप्रैल 2026 को सभी शिक्षकों ने कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया था। इसी क्रम में आज उपखंड अधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर अविलंब कार्रवाई का आग्रह किया गया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन के तृतीय चरण के तहत 20 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर के माध्यम से पुनः मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। इसके पश्चात, चतुर्थ चरण में 18 मई 2026 को शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी (कोटा) में एक विशाल सांकेतिक रैली का आयोजन कर शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कार्यालय मंत्री विजेंद्र खटाना, जिला सभाध्यक्ष लज्जाराम गुर्जर, कोषाध्यक्ष अवधेश शर्मा, प्रदेश महासमिति सदस्य कमलेश पाडली, महिला मंत्री अनीता मीना, रेखा शर्मा, सुनीता मीना, राजेश मीना, राजमोहन मीना, यतेंद्र सिंह, देवेंद्र गुर्जर, रवि कुमार, रजनीश मीना तथा महेश कोली सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों के इस कड़े रुख ने विभाग और सरकार के समक्ष बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है, जिससे आगामी दिनों में शैक्षणिक माहौल में तनाव बढ़ने की संभावना प्रबल हो गई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story