गंगापुर सिटी और वजीरपुर में शिक्षकों का प्रदर्शन, छुट्टियों में कटौती पर सरकार को घेरा
शिक्षक संघ सियाराम ने शिविरा कैलेंडर में संशोधन और गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

वजीरपुर और गंगापुर सिटी में राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के पदाधिकारी अवकाश कटौती के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए।
गंगापुर सिटी और वजीरपुर में राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम ने राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों के अवकाशों में की गई कटौती के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। उपखंड मुख्यालयों पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान उपखंड अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्णय को अव्यावहारिक बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई है।
ज्ञापन और विरोध प्रदर्शन का विवरण
वजीरपुर में राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम उप शाखा के अध्यक्ष श्रीजेश गुर्जर, फिरोज खान और नरेश सिसोदिया के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। इसी प्रकार, गंगापुर सिटी में सत्य प्रकाश गर्ग अध्यक्ष, सोहन लाल गुप्ता अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री और सुरेश चंद्र शर्मा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में गंगापुर उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के दौरान पवन शर्मा, मुजम्मिल, महेंद्र सिंह धनवाल, बनवारी लाल मित्तल, पवन कुमार गुप्ता, नज़ीर आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षकों की प्रमुख मांगें और तर्क
राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों व भीषण गर्मी को देखते हुए जून माह में विद्यालय खोलना पूर्णतया अव्यावहारिक है। संगठन का तर्क है कि क्षेत्रीय व स्थानीय उत्सवों एवं आयोजनों में राजकीय अवकाश नहीं होने पर भी वहां के शत-प्रतिशत बालकों की भागीदारी रहती है, इसी कारण से संस्था प्रधान द्वारा दो अवकाश घोषित किए जाने का प्रावधान रखा गया था। विभाग के अधिकारियों द्वारा बिना नियम के इसमें कटौती किया जाना समझ से परे है। "शिक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार के गलत व अव्यावहारिक निर्णय लेने से सरकार की छवि भी धूमिल हुई है।"
आगामी आंदोलन की रूपरेखा
शिक्षक संघ सियाराम के रघुवीर जाटव मंत्री ने शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने का विरोध किया है और विभिन्न प्रकार के अवकाशों में की गई कटौती को तत्काल दूर कर शिविरा कैलेंडर में संशोधन की मांग की है। आंदोलन के आगामी चरणों में 20 अप्रेल को जिला स्तर पर जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। हनुमान प्रसाद शर्मा और महेश जैन ने बताया कि उमेश सिंह डूडी प्रदेश संघर्ष समिति संयोजक के नेतृत्व में 18 मई को शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल शिक्षक रैली निकाली जाएगी। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
