राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की बैठक: सोहन लाल गुप्ता का अभिनंदन और मांगों पर चर्चा
गंगापुर सिटी में शिक्षक संघ की संयुक्त बैठक आयोजित, पुरानी पेंशन, टैट अनिवार्यता और ग्रीष्मकालीन अवकाश कटौती के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी गई।

गंगापुर सिटी में राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की संयुक्त बैठक के दौरान नवनियुक्त प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहनलाल गुप्ता का स्वागत करते जिला कार्यकारिणी के सदस्य।
गंगापुर सिटी, 2 अप्रैल 2026। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) जिला कार्यकारिणी और समस्त उप शाखाओं की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक सुरेश चंद शर्मा और सोहन लाल गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और माला पहनाकर किया गया।
प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री का अभिनंदन
बैठक में प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहनलाल गुप्ता का माला एवं साफा पहनकर भव्य स्वागत किया गया। सभी शिक्षकों ने इस अवसर पर आशा व्यक्त की कि सोहन लाल गुप्ता के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बनने से सवाई माधोपुर जिले के शिक्षकों की समस्याओं का निदान करने में विशेष मदद मिलेगी। सोहन लाल गुप्ता ने इस दौरान प्रदेश के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षा अधिकारियों को नवीन सत्र 2026-27 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक समस्याओं पर गंभीर चर्चा और विरोध
बैठक में विभिन्न शिक्षक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि प्रवेश-उत्सव एवं डोर टू डोर सर्वे के दौरान उपजिला कलेक्टर और तहसील कार्यालय में लगाए गए शिक्षकों को पुनः विद्यालय में भेजने के लिए पत्र लिखा जाएगा। "क्योंकि इस समय राज्य सरकार के नए नियमों के अनुसार डोर टू डोर सर्वे और प्रवेश-उत्सव का कार्य एक अप्रैल से ही शुरू किया गया है, अध्यापकों के विद्यालय में नहीं होने पर सभी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।"
इसके अलावा, सितंबर 2025 में माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश कि 2011 से पहले नियुक्त सभी शिक्षकों को टैट पास करना अनिवार्य है, इस आदेश से जो शिक्षक 20-25 वर्ष सेवा कर चुके हैं, उन शिक्षकों को टैट पास करने की बाध्यता को समाप्त करने की मांग की गई है। राज्य सरकार द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश में 10 दिन की कटौती का भी कड़ा विरोध जताया गया है और कहा गया है कि "यदि कटौती की जाती है तो 3 उपार्जित अवकाश का लाभ दिया जाए।" इसके साथ ही संस्था प्रधान के एक साधिकार को कम करने का भी पदाधिकारियों ने रोष प्रकट किया है।
प्रमुख मांगें और भावी रणनीति
शिक्षकों का मानना है कि "यदि गरीब बच्चों को सरकार गुणात्मक शिक्षा दिलवाना चाहती है तो गैर शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों को मुक्त रखा जाए।" बैठक में थर्ड ग्रेड डीपीसी व स्थानांतरण करने तथा प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य की ऑफलाइन जॉइनिंग को ऑनलाइन जॉइनिंग करवाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उक्त मांगों पर सरकार सकारात्मक रुख नहीं अपनाती है तो मजबूरन आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी।
संगठन विस्तार और उपस्थिति
बैठक के समापन पर गंगापुर सिटी, बामनवास, वजीरपुर, बोली, खंडार, सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए। सदस्यता के लिए रसीदों का वितरण भी पदाधिकारियों को किया गया। इस बैठक में नरेश सिसोदिया, चंद्रप्रकाश गर्ग, श्रीजेश गुर्जर, हनुमान प्रसाद शर्मा, फिरोज खान, सत्य प्रकाश गर्ग, गोपाल लाल गुप्ता, महेश जैन, गिरीश कुमार गुप्ता, रामबाबू शर्मा और अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
