राजस्थान शिक्षक संघ की बैठक: शिक्षा मंत्री के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित
जयपुर में आयोजित राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की बैठक में शिक्षकों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में आगामी आंदोलनात्मक रणनीति पर चर्चा की गई।

जयपुर स्थित प्रांतीय कार्यालय में राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के संरक्षक मंडल एवं स्थाई समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन ने शिक्षकों पर दर्ज मुकदमों के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया।
जयपुर: राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के संरक्षक मंडल एवं स्थाई समिति की बैठक जयपुर स्थित प्रांतीय कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें संगठन ने शिक्षा मंत्री द्वारा शिक्षकों पर दर्ज कराए गए मुकदमों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य संरक्षक एवं प्रशासनिक अध्यक्ष सियाराम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा मंत्री की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए। प्रदेश महामंत्री रामदयाल मीणा और प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता ने जानकारी दी कि बैठक के दौरान 18 मई को रामगंजमंडी में आयोजित विशाल शिक्षक रैली को लेकर शिक्षा मंत्री द्वारा अपने कार्यकर्ता के माध्यम से पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई झूठी और आधारहीन रिपोर्ट की कड़ी निंदा की गई और इसके विरोध में एक निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में रैली के सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि इस बैठक में संगठन की आगामी रणनीति और आंदोलनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई है। कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष नवीन कुमार शर्मा और मुख्य महामंत्री उम्मेद सिंह डूडी सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारियों ने संबोधित किया। संगठन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों के विरुद्ध की जा रही इस प्रकार की दमनकारी कार्यवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में आंदोलन को और अधिक धार दी जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
