राजस्थान: वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों की सम्मान राशि में बढ़ोतरी
राजस्थान सरकार ने वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मान राशि 15 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह की, दिवंगत पत्रकारों की पत्नियों के लिए भी राशि बढ़ी।

जयपुर/सवाई माधोपुर में वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत राशि वृद्धि की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारी और पत्रकार।
जयपुर/सवाई माधोपुर, 21 मई। राजस्थान में पत्रकार कल्याण, सम्मान और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के पूर्णकालिक वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने बजट घोषणा के अनुरूप वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों को दी जाने वाली सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने के प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति के उपरांत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने इस संबंध में आवश्यक अधिसूचना जारी कर दी है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी 'राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना (संशोधन) नियम-2026' के तहत, इस बढ़ी हुई राशि का लाभ उन पूर्णकालिक अधिस्वीकृत पत्रकारों को मिलेगा जिन्होंने दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक समाचार पत्रों, स्वतंत्र पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं समाचार एजेंसियों में कम से कम 20 वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। इस पात्रता के दायरे में उपर्युक्त माध्यमों के संपादक, प्रकाशक और मालिक भी शामिल हैं, बशर्ते उनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो। इस संशोधन के बाद से पात्र पत्रकारों को अब प्रतिमाह 18 हजार रुपये सम्मान राशि प्राप्त होगी।
इस योजना में हुए संशोधन का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि अब वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत दिवंगत पत्रकारों की पत्नी को मिलने वाली सम्मान निधि में भी वृद्धि हुई है, जो अब 7 हजार 500 रुपये से बढ़कर 9 हजार रुपये प्रति माह हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में की गई घोषणा की समयबद्ध अनुपालना में जारी इस अधिसूचना से प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार वर्ग में संतोष है। यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करने वाले पत्रकारों के प्रति सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

