राजस्थान स्काउट गाइड यूनिट लीडर बेसिक कोर्स प्रशिक्षण शिविर का समापन
सात दिवसीय आवासीय शिविर के समापन पर राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल ने 'परिंदा अभियान' का शुभारंभ किया और स्काउट गाइड गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।

राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर के समापन पर राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल और अन्य पदाधिकारी 'परिंदा अभियान' के अंतर्गत पेड़ पर परिंदा बांधते हुए।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय आवासीय यूनिट लीडर बेसिक कोर्स का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और संगठनात्मक दक्षता की स्पष्ट झलक देखने को मिली। शिविर का अवलोकन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) बन्ना लाल, जयपुर द्वारा किया गया।
सीओ गाइड दिव्या ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण शिविर में जिले के कुल 75 संभागियों ने भाग लिया और स्काउट-गाइड गतिविधियों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य प्रशिक्षण आयुक्त का स्काउट-गाइड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर औपचारिक स्वागत किया गया। इसी अवसर पर उनके द्वारा ‘परिंदा अभियान’ का शुभारंभ भी किया गया, जो पर्यावरण और जीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान कब-बुलबुल संभागियों ने बड़ी सलामी देकर अतिथियों का अभिनंदन किया, जबकि शिविरार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्काउट परंपरा के अनुरूप मुख्य अतिथि का सम्मान किया गया। शिविर संचालक छगनलाल, मुकुट बिहारी गुप्ता एवं कृष्णा सैनी ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रशिक्षण के दौरान आयोजित गतिविधियों और प्राप्त उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल ने शिविर का निरीक्षण कर प्रतिभागियों से संवाद किया और अपने उद्बोधन में बेसिक कोर्स से लेकर एलटी स्तर तक प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने यूनिट लीडर्स से विद्यालय स्तर पर स्काउट-गाइड गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने का आह्वान किया, जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास को नई दिशा मिल सके।
इस अवसर पर रामदेव सिंह, रामजीलाल योगी, महावीर प्रसाद जैन, महेन्द्र कुमार मेहरड़ा, नीतू साहू, अभिलाषा अग्रवाल, किरण महावर, संजय प्रजापत, राधा मीना सहित अन्य स्काउट-गाइड पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सीओ गाइड दिव्या ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। यह प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
