राजस्थान: सवाई माधोपुर में हीटवेव की चेतावनी, कृषि विभाग ने जारी की एडवाइजरी
राजस्थान में बढ़ते तापमान और 9 मई से लू के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को फसल बचाव के लिए सिंचाई और प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान में आगामी 2-3 दिनों तक कहीं-कहीं मेघगर्जन एवं हल्की वर्षा की संभावना है। इसके पश्चात मौसम के शुष्क रहने तथा 9 मई से पुनः हीटवेव (लू) की स्थिति बनने के आसार जताए गए हैं। इसी क्रम में सवाई माधोपुर जिले में भी आगामी 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि संभावित है।
बढ़ते तापमान को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। संयुक्त निदेशक कृषि लखपत लाल मीना ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में जायद सीजन की फसलें, सब्जियां एवं फलदार पौधे गर्मी से प्रभावित हो सकते हैं, ऐसे में समय पर वैज्ञानिक उपाय अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि फसलों में सिंचाई प्रातःकाल अथवा सायंकाल के समय ही की जाए तथा हल्की एवं बार-बार सिंचाई अपनाई जाए, जिससे मिट्टी में नमी बनी रहे। ड्रिप एवं स्प्रिंकलर पद्धति का उपयोग इस समय अधिक लाभकारी रहेगा। मिट्टी में नमी संरक्षण हेतु मल्चिंग के रूप में भूसा, सूखी घास अथवा प्लास्टिक का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।
सब्जी फसलों एवं नर्सरी पौधों के लिए 50 प्रतिशत शेड नेट अथवा स्थानीय संसाधनों से अस्थायी छाया की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं फलदार पौधों के तनों पर सफेद चूना लगाने से तेज धूप से होने वाली क्षति को कम किया जा सकता है। तेज गर्म हवाओं से बचाव के लिए खेत की मेड़ों पर वृक्षारोपण को भी उपयोगी बताया गया है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसान दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच खेतों में कार्य करने से बचें तथा फसलों में मुरझाने के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सिंचाई करें। पशुपालकों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें पशुओं को छायादार स्थान पर रखने, पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा सुबह के समय ही चारा देने की सलाह शामिल है।
मानव स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए किसानों से अपील की गई है कि अत्यधिक गर्मी में कार्य करते समय पर्याप्त पानी पीते रहें, हल्के सूती कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें तथा बीच-बीच में विश्राम अवश्य करें।
कृषि विभाग ने किसानों से यह भी अनुरोध किया है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर सतत नजर रखें तथा आवश्यकता होने पर नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त करें, ताकि हीटवेव के दौरान फसलों एवं पशुधन की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
