बालोतरा में रिफाइनरी लोकार्पण व रोजगार उत्सव, 1.05 लाख करोड़ विकास परियोजनाएं समर्पित
बालोतरा में रिफाइनरी लोकार्पण के साथ 1.05 लाख करोड़ परियोजनाएं समर्पित, सवाई माधोपुर में 1,476 नियुक्ति पत्र वितरण और रोजगार उत्सव का आयोजन।

राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय में आयोजित रोजगार उत्सव में भाग लेते हुए अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नवनियुक्त कार्मिक।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को बालोतरा जिले के पचपदरा से राजस्थान रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित किए जाने के साथ ही 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इसी अवसर पर रोजगार उत्सव के तहत राज्यभर में 50 हजार से अधिक नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राज्य के सभी जिलों, पंचायत समितियों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायत स्तर तक किया गया, जिसमें व्यापक सहभागिता देखने को मिली।
जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय परिसर में किया गया, जहां कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, जिला कलक्टर काना राम एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में चयनित सवाई माधोपुर जिले के 1,476 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार नहीं बल्कि जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कार्मिक ईमानदारी, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक न्याय और राहत पहुंचाएं।
डॉ. मीणा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान रिफाइनरी, यमुना जल परियोजना, पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे जैसी योजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था, सिंचाई, औद्योगिक विकास और रोजगार को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन के प्रयासों से पांचना बांध जल गतिरोध का समाधान होने पर क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि रोजगार उत्सव नवनियुक्त कार्मिकों के लिए लोकसेवा के नए दायित्वों की शुरुआत है। उन्होंने सभी से अनुशासन, ईमानदारी, पारदर्शिता और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य करते हुए जनविश्वास अर्जित करने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी मदन प्रजापत ने राजस्थान रिफाइनरी को प्रदेश के आर्थिक विकास का नया अध्याय बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने भी कहा कि राजकीय सेवा जनकल्याण का प्रभावी माध्यम है और कर्मनिष्ठा ही कार्मिक की सबसे बड़ी पहचान है।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाडिया, जिला शिक्षा अधिकारी हरकेश मीणा, देवीलाल मीणा, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, नवनियुक्त कार्मिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मंच से कहा कि “सरकारी सेवा जनकल्याण का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक न्याय एवं राहत पहुंचाने का आह्वान किया।”

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
