सवाई माधोपुर में प्रधानमंत्री मोदी के बालोतरा रिफाइनरी लोकार्पण और रोजगार उत्सव का सीधा प्रसारण शनिवार को होगा, जानिए पूरी तैयारी और कार्यक्रम की रूपरेखा।

सवाई माधोपुर में शनिवार 4 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बालोतरा में राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण और राज्य की राजकीय सेवाओं में नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का सीधा प्रसारण जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक किया जाएगा। सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर इसका मुख्य आयोजन राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय के सभागार में होगा, जिसमें कृषि एवं ग्रामीण विकास तथा आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।

जिला कलक्टर काना राम ने शुक्रवार को इस गरिमापूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर शिक्षा, पंचायतीराज, सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूर संचार और नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा भी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया को जिला स्तरीय आयोजन और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लाइव प्रसारण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था हो और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लाइव देखने के लिए वीडियो लिंक सहित तकनीकी प्रबंध दुरुस्त रखे जाएं। यदि पंचायत समिति में उपयुक्त सभागार उपलब्ध नहीं है तो आउटडोर में टेंट लगाकर प्रसारण दिखाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में कृषि मंत्री डॉ. मीना की मौजूदगी में नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे और इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इससे पूर्व, जिला कलक्टर ने मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में भाग लेकर रिफाइनरी लोकार्पण और रोजगार उत्सव के लाइव प्रसारण हेतु की गई तैयारियों की जानकारी दी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story