राजस्थान के खिलाड़ियों ने वेस्ट जोन ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में जीते 12 पदक
हंसू स्पोर्ट्स एकेडमी के 9 खिलाड़ियों ने ग्रेपलिंग प्रतियोगिता के गी और नो-गी इवेंट्स में 8 स्वर्ण और 4 रजत पदक हासिल किए।

दमन और दीव में आयोजित वेस्ट जोन ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटे हंसू स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों का गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया।
दमन एंड दीप के इंदौर स्टेडियम में 24 से 26 अप्रैल 2026 तक आयोजित वेस्ट जोन ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का परचम लहराया। सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुर सिटी स्थित Hansu Sports Academy के 9 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर स्वर्ण पदक जीतकर जिले व राज्य का नाम रोशन किया।
ग्रेपलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, जो United World Wrestling द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था है, के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने ग्रेपलिंग नो-गी व गी दोनों इवेंट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान राजस्थान टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए कुल 8 स्वर्ण पदक एवं 4 रजत पदक हासिल किए।
ग्रेपलिंग एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष Sanjay Singh Shekhawat, सचिव Pradeep Verma तथा राजस्थान टीम के कोच Hansraj Meena ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। स्वर्ण पदक विजेताओं में आशीष गुर्जर, पुलकित कुमार, समीर प्रताप सिंह, काव्या कुमारी, सेल्वी कुमावत, रिषिका शर्मा, मयंक गुर्जर और कुलदीप गुर्जर शामिल रहे। वहीं रजत पदक विजेताओं में मयंक गुर्जर, कुलदीप गुर्जर, सेल्वी कुमावत और रिषिका शर्मा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज कराया।
प्रतियोगिता के उपरांत खिलाड़ियों के गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। शहरवासियों ने सभी खिलाड़ियों को माला व साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा हर्षोल्लास के साथ उनका अभिनंदन किया। इस उपलब्धि ने न केवल सवाईमाधोपुर जिले बल्कि पूरे राजस्थान के खेल परिदृश्य में नई ऊर्जा का संचार किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
