राजस्थान: सवाई माधोपुर में पंचायत और ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन
जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जनसुनवाई एवं अटल जन सेवा शिविरों की रूपरेखा तैयार की गई है।

मुख्य सचिव राजस्थान के आदेशानुसार जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में 7 मई माह के प्रथम गुरुवार को प्रातः 11 बजे पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि इस अवसर पर पंचायत स्तर पर आमजन की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रशासनिक संवाद को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत कुण्डेरा, गंगापुर सिटी की तलावड़ा, वजीरपुर की खण्डीप एवं फुलवाड़ा तथा पंचायत समिति मलारना डूंगर की ग्राम पंचायत मलारना डूंगर में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इन शिविरों में ग्रामीणों की शिकायतों, समस्याओं एवं मांगों को सुनकर मौके पर ही समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
इसी क्रम में जिला कलक्टर के आदेशानुसार ब्लॉक मुख्यालय गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर में माह के द्वितीय गुरुवार, 14 मई को प्रातः 10 बजे से सायं 4:30 बजे तक अटल जन सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा प्रशासनिक सेवाओं को एक ही स्थान पर सुलभ कराना है।
प्रशासन द्वारा आयोजित ये दोनों पहलें ग्रामीण स्तर पर सुशासन को मजबूत करने, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
