राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, दुर्व्यवहार और किसी भी तरह का मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रैगिंग के मामलों में दोषी विद्यार्थियों के साथ लापरवाही बरतने वाले संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शिक्षा और संस्कार के केंद्र हैं। यहां प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना संस्थान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा कनिष्ठ विद्यार्थियों को प्रताड़ित करना, उन पर अनुचित दबाव बनाना, देर रात तक जगाना, जबरन गतिविधियां करवाना या किसी भी तरह से अपमानित करना गंभीर अनुशासनहीनता है। ऐसी घटनाओं को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा विभाग और राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों में जारी एंटी रैगिंग एक्शन प्लान की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। कॉलेज प्रशासन रैगिंग से जुड़ी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच करे और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।

उन्होंने निर्देश दिए कि रैगिंग की शिकायतों की जांच के दौरान पीड़ित विद्यार्थियों की पहचान और उनके परिवारों की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाए। शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने या शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। जांच प्रक्रिया निष्पक्ष हो और किसी भी विद्यार्थी के साथ भेदभाव नहीं किया जाए।

सभी मेडिकल कॉलेजों को कॉलेज परिसर, छात्रावासों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी शिकायत की स्थिति में संबंधित सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर समयबद्ध जांच की जाएगी। इसके साथ ही छात्रावास वार्डन, सुरक्षा कर्मियों और संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी।

खींवसर ने कहा कि विद्यार्थियों से नियमित रूप से गोपनीय साक्षात्कार किए जाएं, ताकि उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना जा सके। नए विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग करने और उन्हें रैगिंग की शिकायत दर्ज कराने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा एंटी रैगिंग कमेटी और एंटी रैगिंग स्क्वॉड को सक्रिय रहकर नियमित निगरानी करने को कहा गया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि भविष्य में रैगिंग की कोई घटना सामने आने पर यदि जांच में संस्थान प्रशासन की लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित कॉलेज प्रशासन को जिम्मेदार माना जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर दंडात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने दोहराया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। प्रदेश के प्रत्येक मेडिकल कॉलेज को यह सुनिश्चित करना होगा कि वहां पढ़ने वाला हर विद्यार्थी बिना किसी भय, दबाव और उत्पीड़न के अपनी पढ़ाई कर सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story