किसान हितों की मांगों को लेकर शुक्रवार को सैमाड़ा से निकली विशाल किसान महापंचायत एवं स्वाभिमान रैली ऐतिहासिक जनसैलाब में बदल गई। रैली में लगभग 200 ट्रैक्टर, 500 मोटरसाइकिल, 80 बोलेरो सहित हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।

किसान महापंचायत एवं स्वाभिमान रैली सैमाड़ा से रवाना होकर नयागांव, मोहचा का पुरा, खंडीप, फूलबाड़ा, रायपुर, मेड़ी, कटकड़, टोडूपुरा मोड़, रीठौली, गड़ी बांधवा होते हुए गांवड़ा मीणा महापंचायत स्थल पहुंची। रैली के पूरे रूट चार्ट में शामिल सभी गांवों में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ किसानों का स्वागत किया। जगह-जगह ग्रामीणों ने जलपान की व्यवस्था कर रैली में शामिल किसानों का उत्साहवर्धन किया।

महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव राजस्थान युवा कांग्रेस सुबह सिंह सैमाड़ा ने कहा कि किसानों के साथ वादा खिलाफी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पांचना प्रकरण आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं और किसानों को न्याय मिले। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ते रहेंगे।

महापंचायत में वक्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और सिंचाई से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान सरकार से किसानों की मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई गई। किसानों ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया और चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

सैमाड़ा से निकली किसान महापंचायत एवं स्वाभिमान रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने किसान एकता, स्वाभिमान और संगठन की ताकत का प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story