राजस्थान में लगातार बढ़ रही अत्यधिक गर्मी और हीटवेव के बीच जैन समुदाय के श्रमणों (साधु-साध्वियों) की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर अल्पसंख्यक मामलात विभाग सक्रिय हो गया है। 27 मई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश कुमार चौधरी ने जैन समुदाय के स्वयंसेवी संगठनों, युवा संगठनों और समाज श्रेष्ठियों से श्रमणों की पैदल विहार, प्रवास और चातुर्मास के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

विभाग की ओर से कहा गया है कि भीषण गर्मी और हीटवेव के दौरान श्रमणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए तथा आवश्यक परिस्थितियों में प्रशासन को समय रहते महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध करवाई जाएं। रमेश कुमार चौधरी ने समुदाय के संगठन पदाधिकारियों, मंदिर अध्यक्षों और युवाओं से अनुरोध किया कि वे श्रमणों से अत्यधिक गर्मी और हीटवेव के समय अनावश्यक प्रवास नहीं करने का निवेदन करें। यथासंभव सुबह के समय ही विहार करवाया जाए तथा केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही शाम के समय विहार किया जाए।

विभाग ने श्रमणों के पैदल विहार और प्रवास के दौरान हीटवेव से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है। साथ ही प्राथमिक उपचार से संबंधित आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता के लिए प्रशासन को पूर्व सूचना देने का आग्रह किया गया है। प्रशासनिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए श्रमणों के पैदल विहार, आहारचर्या स्थल, प्रवास और निहार की जानकारी कम से कम दो दिन पूर्व प्रशासन को उपलब्ध करवाने को कहा गया है।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया गया कि श्रमणों की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी की स्थिति में प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल अवगत करवाया जाए ताकि समय पर सहायता सुनिश्चित की जा सके।

राजस्थान समग्र जैन युवा परिषद् के निवेदन पर जिला कलेक्टर कार्यालयों से भी आवश्यक आदेश जारी किए जा रहे हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं श्रमण विहार, सुरक्षा एवं भूमि आवंटन समिति के अध्यक्ष द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपनिदेशक आयुर्वेद, आयुक्त नगर परिषद्, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका और जिला अल्पसंख्यक अधिकारी को निर्देशित किया जा रहा है कि गर्मी और हीटवेव के दौरान जैन श्रमणों की सुरक्षा, स्वास्थ्य संरक्षण, जागरूकता और आपातकालीन सहायता से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

भीषण गर्मी के इस दौर में जैन श्रमणों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और समुदाय के बीच समन्वय बढ़ाने की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पैदल विहार करने वाले साधु-साध्वियों के स्वास्थ्य संरक्षण और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को लेकर जारी निर्देशों ने प्रशासनिक सतर्कता को भी स्पष्ट कर दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story