सवाई माधोपुर। शिक्षा विभाग राजस्थान द्वारा विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों के कक्षा-कक्ष अथवा विद्यालय भवन की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने के लिए संस्था प्रधान की अनुमति अनिवार्य किए जाने के आदेश के विरोध में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट (IFWJ) ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को IFWJ सवाई माधोपुर जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा की अगुवाई में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर कानाराम को ज्ञापन सौंपकर आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

IFWJ जिला महासचिव राजेश गोयल ने बताया कि पत्रकार संगठन ने इस आदेश को प्रेस की स्वतंत्रता, जनहित में पत्रकारिता और जनता के सूचना के अधिकार की दृष्टि से चिंताजनक बताया है। संगठन का कहना है कि आदेश के कारण पत्रकारों के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से वास्तविक स्थिति सामने लाने के अधिकार पर असर पड़ सकता है।

ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालयों में जर्जर भवन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं का अभाव, शिक्षकों की लापरवाही, छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार एवं अन्य अनियमितताओं से जुड़े मामले समय-समय पर सामने आते हैं। ऐसी परिस्थितियों में यदि पत्रकारों को वास्तविक स्थिति की फोटो एवं वीडियो लेने से पहले संस्था प्रधान की अनुमति लेना अनिवार्य होगा, तो स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित हो सकती है।

IFWJ पत्रकार संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि पत्रकार सरकार के विरोधी नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच लोकतांत्रिक सेतु हैं। सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकारी व्यवस्थाओं की कमियों और जनता की समस्याओं को सामने लाना भी पत्रकार का महत्वपूर्ण दायित्व है।

संगठन के जिला प्रवक्ता नरेन्द्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में IFWJ की जिला इकाइयों द्वारा सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपे गए। इसी क्रम में सवाई माधोपुर में भी जिला कलेक्टर कानाराम को ज्ञापन सौंपकर फोटो एवं वीडियोग्राफी से संबंधित आदेश को निरस्त करने की मांग की गई।

जिला प्रवक्ता नरेंद्र शर्मा ने बताया कि IFWJ जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा की अगुवाई में दिए गए ज्ञापन के दौरान राजेश गोयल, राजमल जैन, वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र जैन, मुकेश कुमार जैन, रोहित गुप्ता सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। संगठन ने इस आदेश को प्रेस की स्वतंत्रता और जनहित से जुड़े पत्रकारिता के दायित्व के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग रखी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story