सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में बुधवार को मैनपुरा स्थित राजस्थान ग्रामीण महिला विद्यापीठ में साइबर सुरक्षा विषय पर एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम के सान्निध्य में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को निरंतर बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करना और उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के सुरक्षित उपयोग हेतु प्रेरित करना था। कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सचिव समीक्षा गौतम ने तकनीकी युग में साइबर अपराधों की बढ़ती भयावहता पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अपराधी विभिन्न लोक-लुभावन और भ्रामक माध्यमों से आमजन को आर्थिक व मानसिक क्षति पहुँचा रहे हैं, जिससे बचने के लिए विशेषकर महिलाओं और युवाओं का जागरूक होना अनिवार्य है। सचिव ने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, लॉटरी व नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी सहित ओटीपी और यूपीआई धोखाधड़ी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आगाह किया कि कोई भी बैंक अधिकारी या पुलिसकर्मी बनकर गोपनीय जानकारी मांगे तो उसे साझा न करें और एटीएम पिन व पासवर्ड जैसे निजी डेटा को पूरी तरह गुप्त रखें।

डिजिटल सतर्कता पर बल देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर निजी फोटो, लोकेशन और जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से दूर रहने और केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी। इस अवसर पर रालसा (साइबर अपराध से पीड़ित व्यक्तियों को विधिक सेवाएं) योजना 2026 एवं साइबर रिड्रेसल यूनिट की कार्यप्रणाली के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। साइबर थाना के एएसआई रोहिताश सिंह एवं असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय राजावत ने तकनीकी पक्ष रखते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

सत्र के दौरान छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान सचिव समीक्षा गौतम एवं एएसआई रोहिताश कुमार द्वारा व्यावहारिक उदाहरणों के साथ किया गया। इसी क्रम में अधिकार मित्र मगनलाल मीना, धनराज मीणा एवं मुकेश कुमार शर्मा ने कैनोपी लगाकर आमजन की समस्याओं के निवारण हेतु आवेदन तैयार किए। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान ग्रामीण महिला विद्यापीठ की प्राचार्य रेखा मंगल सहित संस्थान का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। यह आयोजन न केवल सूचनात्मक रहा बल्कि छात्राओं को डिजिटल जगत में एक अभेद्य सुरक्षा कवच प्रदान करने की दिशा में प्रभावी कदम सिद्ध हुआ।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story