राजस्थान ग्रामीण बैंक की समीक्षा बैठक में उत्कृष्ट शाखा प्रबंधक सम्मानित, एनपीए वसूली पर दिया गया जोर
सवाई माधोपुर में राजस्थान ग्रामीण बैंक की 19 शाखाओं की समीक्षा बैठक में एनपीए वसूली, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अग्रिम लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कई शाखा प्रबंधकों को क्षेत्रीय प्रमुख कमल कुमार सोनी ने सम्मानित किया और वसूली सुधार के निर्देश दिए।

सवाई माधोपुर, 6 नवंबर।
राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, सवाई माधोपुर के अंतर्गत आने वाली गंगापुर सिटी और टोडाभीम खंड की 19 शाखाओं की व्यावसायिक समीक्षा बैठक गुरुवार को गंगापुर सिटी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रमुख कमल कुमार सोनी ने की, जबकि अग्रिम प्रबंधक प्रतीक नामा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्रीय प्रमुख सोनी ने सभी शाखा प्रबंधकों को क्षेत्र के वर्तमान व्यवसायिक परिदृश्य से अवगत कराते हुए आगामी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शाखाओं को केवल जमाओं और अग्रिमों की ऋणात्मक स्थिति से उबरना ही नहीं है, बल्कि नवंबर 2025 के लिए निर्धारित सभी मासिक बजट लक्ष्यों को भी पूरा करना होगा।
बैठक के दौरान बढ़ते हुए एनपीए (अशोधित ऋण) की स्थिति पर गंभीर चर्चा हुई। क्षेत्रीय प्रमुख ने शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे प्रभावी वसूली कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस संदर्भ में उन्होंने एनपीए खातों पर वसूली वाद दायर करने, NI Act की धारा 138 के अंतर्गत मामले दर्ज कराने तथा राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपखंड अधिकारियों के माध्यम से कुर्की जैसी सख्त कार्यवाहियों को अंजाम देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टरों को भेजे गए सरकारी पत्रों के अनुसार तहसील प्रशासन के सहयोग से नोटिस तामील करवा कर वसूली में तेजी लाई जाए।
बैठक में उपस्थित सभी शाखा प्रबंधकों ने वचन दिया कि वे एनपीए में न्यूनतम 20 प्रतिशत तक की कमी लाने के लिए ठोस प्रयास करेंगे। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बीमा व्यवसाय, री-केवाईसी, निष्क्रिय खातों के पुनःसक्रियण और बैंक के विभिन्न अभियानों की प्रगति पर भी समीक्षा की गई।
उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए गंगापुर सिटी शाखा के प्रबंधक चेतन शर्मा और टोडाभीम शाखा के प्रबंधक अविनाश गौतम को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया। वहीं अग्रिम कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने पर बाटोदा, टोडाभीम और डेयरी चौराहा शाखाओं के प्रबंधकों को क्षेत्रीय प्रमुख कमल कुमार सोनी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
अंत में शाखा मिर्जापुर के प्रबंधक योगेंद्र आर्य ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी शाखाओं की ओर से यह वचन दिया कि नवंबर माह में बैंक के सभी पैरामीटर्स के लक्ष्यों को उत्कृष्ट मार्जिन से प्राप्त किया जाएगा।
- राजस्थान ग्रामीण बैंकRajasthan Gramin Bankसवाई माधोपुर बैंक बैठकSawai Madhopur Bank Meetingगंगापुर सिटी शाखाGangapur City Branchटोडाभीम शाखाTodabhim Branchएनपीए वसूली RajasthanNPA Recovery Rajasthanकमल कुमार सोनीKamal Kumar Soniबैंक प्रबंधक सम्मानBank Manager Felicitationग्रामीण बैंक समीक्षा बैठकGramin Bank Review Meetingसामाजिक सुरक्षा योजना RajasthanSocial Security Scheme Rajasthanप्रतीक नामाPrateek Nama

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
