राजस्थान ग्राम रथ अभियान: सवाई माधोपुर के ग्रामीण अंचलों में भारी उत्साह
सवाई माधोपुर में ग्राम रथों और कला जत्थों के माध्यम से किसानों को कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

सवाई माधोपुर जिले में ग्राम रथ अभियान के दौरान एलईडी वैन के माध्यम से कृषि योजनाओं की जानकारी लेते ग्रामीण।
राज्य सरकार द्वारा 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले “ग्राम” (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026) के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संचालित ग्राम रथ अभियान को जिलेभर में उल्लेखनीय जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में एलईडी मोबाइल वैन एवं कला जत्थों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे किसानों एवं पशुपालकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में रथों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए गए। सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत करमोदा, सूरवाल, नींदडदा, सुनारी एवं सिनोली में रथ पहुंचे, वहीं खण्डार क्षेत्र की दुमोदा, हलोन्दा, चितारा, बलबन खुर्द, रामपुरा, आवण्ड-सवाईगंज एवं लहसोड़ा में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। गंगापुर सिटी क्षेत्र की टोकसी, खानपुर बडोदा, जाट बड़ौदा एवं महुकलां तथा बामनवास क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोठ, बेरखण्डी, मोरपा, काजी कुण्डली, बाटोदा एवं भावड़ में ग्राम रथों द्वारा ऑडियो-वीडियो माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन सहित 13 विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्राम रथों के आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
अभियान के दौरान कला जत्थों के स्थानीय कलाकारों ने आंचलिक भाषा में लोकनाट्य एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का रोचक प्रचार-प्रसार किया, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ रही है। साथ ही किसानों, पशुपालकों एवं निवेशकों को जयपुर में आयोजित होने वाले “ग्राम-2026” में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कलक्टर ने जानकारी दी कि ग्राम रथों में सुझाव पेटिका की व्यवस्था भी की गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे राज्य सरकार तक पहुंचा रहे हैं। इसके अतिरिक्त क्यूआर कोड आधारित क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से भी आमजन को योजनाओं की जानकारी देते हुए सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
