जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक में भूमि अवाप्ति, भूमि आवंटन, भूमि रूपांतरण, रास्ता खोलो अभियान, ग्रामीण सेवा शिविर, सहायता प्रकरण, राजस्व न्यायालयों के लंबित प्रकरण, राजस्व वसूली, फार्मर रजिस्ट्री तथा संपर्क पोर्टल की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करें।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबे समय से लंबित प्रकरणों, विशेषकर 10 वर्ष से अधिक पुराने मामलों, धारा 251-ए, धारा 136 तथा अन्य लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भूमि अवाप्ति प्रकरणों में मुआवजा वितरण, नामांतरण, विभागों को कब्जा हस्तांतरण तथा अवार्ड संबंधी कार्रवाई निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय भूमि आवंटन, भूमि रूपांतरण, सहायता प्रकरण, विभागीय जांच एवं संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

“रास्ता खोलो अभियान” की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 1,237 रास्ते खोले जा चुके हैं। उन्होंने सेवा शिविरों में प्राप्त तथा पूर्व से लंबित रास्ता प्रकरणों का 31 अगस्त तक प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर आमजन को निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही आगामी फॉलोअप सेवा शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को अधिकतम सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

जिला कलक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को आंगनबाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों, चिकित्सा संस्थानों तथा राजकीय कार्यालयों के असुरक्षित भवनों का सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान आपदा राहत कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, भू-राजस्व वसूली, फार्मर रजिस्ट्री एवं लंबित नामांतरण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, सुदर्शन सिंह सहित जिले के सभी उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में राजस्व कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए जिला कलक्टर ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story