मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिले पत्रकार, सम्मान निधि बढ़ाने पर जताया आभार
आईएफडब्ल्यूजे के नेतृत्व में 500 पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सौंपा 16 सूत्रीय मांग पत्र, पत्रकार सुरक्षा कानून और आवास आवंटन प्रक्रिया पर हुई चर्चा।

जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर शुक्रवार को बजट घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त करने पहुंचे आईएफडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ एवं अन्य पत्रकार साथी।
जयपुर /सवाई माधोपुर। राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार शुक्रवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। हाल ही में पेश किए गए बजट में पत्रकारों के हित में की गई घोषणाओं, विशेष रूप से पत्रकार सम्मान निधि में बढ़ोतरी को लेकर पत्रकारों में उत्साह का माहौल देखा गया है। पत्रकार संगठन इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आई एफ डब्ल्यू जे) के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ और अन्य पत्रकार संगठनों ने सामूहिक रूप से एक साथ मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री निवास पर भव्य स्वागत और अभिनंदन
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के स्वागत अभिनन्दन हेतु सबसे पहले आई एफ डब्ल्यू जे के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ का नाम पुकारा गया। राठौड़ ने मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बुके भेंट कर उनके द्वारा की गई पत्रकार हित की घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान संगठन की ओर से पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर 16 सूत्रीय मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
पत्रकार सुरक्षा कानून और 16 सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान संगठन के प्रदेश सचिव विक्रमसिंह करणोत ने कहा कि "प्रदेश के पत्रकार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं, लेकिन कई बार खबरों से आहत होकर माफिया और असामाजिक तत्व पत्रकारों पर हमले कर देते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की आवश्यकता है।"
आवास और अधिस्वीकरण प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश महासचिव मनवीर सिंह चुंडावत ने भी पत्रकार हितों को लेकर मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए पत्रकारों के आवास और अधिस्वीकरण की प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग रखी गई। इस दौरान संगठन के उपाध्यक्ष शंकर नागर, विष्णु शर्मा, कार्यसमिति सदस्य सांवलदान रत्नू, जयपुर, सिरोही, बारां, चूरू, भरतपुर, अजमेर, जैसलमेर, हनुमानगढ़, दौसा, सवाईमाधोपुर, अलवर, बीकानेर, करौली, नागौर, पाली, टोंक, बूंदी सहित कई जिलों के जिलाध्यक्ष व प्रदेशभर से करीब 500 पत्रकार साथी मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री का आभार जताया। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेकर पत्रकारिता को और अधिक सुरक्षित व सशक्त बनाने की दिशा में कदम उठाएगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
