सवाई माधोपुर में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के 553 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन, प्रशिक्षण से पहले पुलिस सत्यापन अनिवार्य
सवाई माधोपुर में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के 553 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ। प्रशिक्षण से पहले पुलिस चरित्र सत्यापन अनिवार्य रहेगा।

जिले में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के चयन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 553 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन कर उनकी सूची जारी कर दी गई है। जिला कलक्टर एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा काना राम ने बताया कि नागरिक सुरक्षा विभाग, राजस्थान द्वारा जिले को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप नवीन नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। उपखण्ड एवं जिला स्तरीय समितियों द्वारा परीक्षण के उपरांत 553 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुनियादी एवं सेवाकालीन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण में सभी चयनित अभ्यर्थियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। यदि कोई अभ्यर्थी प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहता है अथवा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाता है तो उसका चयन स्वतः निरस्त माना जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल होने से पहले प्रत्येक चयनित अभ्यर्थी के लिए पुलिस चरित्र सत्यापन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। संतोषजनक चरित्र सत्यापन प्राप्त होने के बाद ही संबंधित अभ्यर्थी को प्रशिक्षण में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। निर्धारित अवधि में सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने अथवा प्रतिकूल चरित्र सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी का चयन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि चयनित स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को चयनित अभ्यर्थियों की सूची अपने कार्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा आवश्यक अनुपालना रिपोर्ट नागरिक सुरक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित शर्तों के अनुरूप प्रशिक्षण एवं सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
