राजस्थान कैबिनेट के बड़े फैसले: खेजड़ी समेत 29 वृक्ष प्रजातियों के संरक्षण से UCC तक
राजस्थान कैबिनेट ने खेजड़ी समेत 29 वृक्ष प्रजातियों के संरक्षण, UCC, जलापूर्ति, सैनिक परिवारों और कार्मिक हितों से जुड़े कई फैसलों को मंजूरी दी।

तस्वीर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कैबिनेट की प्रेस वार्ता के दौरान मंत्रीगण मीडिया को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की अवैध कटाई पर रोक, विवाह एवं उत्तराधिकार से जुड़े कानूनों को व्यवस्थित करने, ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, सैनिक कल्याण और कार्मिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। आगामी विधानसभा सत्र में द राजस्थान ट्रीज (प्रोटेक्शन) बिल-2026 और द राजस्थान यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल-2026 पेश किए जाएंगे।
प्रेसवार्ता में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल और उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने मंत्रिमंडल के निर्णयों की जानकारी दी।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि पर्यावरण एवं जैव विविधता के संरक्षण के लिए ‘द राजस्थान ट्रीज (प्रोटेक्शन) बिल-2026’ आगामी विधानसभा सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। कैबिनेट ने इस विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी है। इसके तहत राज्य वृक्ष खेजड़ी, राज्य पुष्प रोहिड़ा, बरगद, पीपल, लसोड़ा, तेंदू, महुआ, कैर और चिरोंजी सहित कुल 29 महत्वपूर्ण वृक्ष प्रजातियों के संवर्धन एवं संरक्षण को विशेष बढ़ावा मिलेगा।
गैर वन भूमि में वृक्ष काटने पर एक वर्ष की जेल और एक लाख रुपये जुर्माना
विधेयक में ग्रामीण एवं आदिवासी जनजीवन में इन वृक्षों के विशेष महत्व को देखते हुए गैर वन भूमि पर खड़े वृक्षों की कटाई को नियंत्रित करने और जवाबदेही तय करने का प्रावधान किया गया है। ऐसे अपराधों को संज्ञेय एवं जमानती बनाया गया है। दोष सिद्ध होने पर एक वर्ष का कारावास या एक लाख रुपये जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान होगा।
कोई भी व्यक्ति अपनी स्वामित्व वाली या कब्जे वाली भूमि पर खड़े किसी वृक्ष को अधिकृत प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना नहीं काट सकेगा और न ही कटवाने का कारण बनेगा। अधिकृत प्राधिकारी की अनुमति से वृक्ष काटने या हटाने की स्थिति में प्रत्येक वृक्ष के स्थान पर उसी क्षेत्र में निर्धारित संख्या में वृक्षों का रोपण करना होगा। इन वृक्षों के प्रभावी संरक्षण से आदिवासी एवं मरुस्थलीय क्षेत्रों के निवासियों की आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ पहुंचेगा।
विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन के लिए समान कानून
मंत्रिमंडल ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 44 की भावना के अनुरूप ‘द राजस्थान यूनिफॉर्म सिविल कोड (समान नागरिक संहिता) विधेयक-2026’ के प्रारूप को भी मंजूरी दी है। इसे आगामी विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य में विवाह, विवाह विच्छेद (तलाक), उत्तराधिकार, भरण-पोषण तथा लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कानूनों को एक समान, पारदर्शी और व्यवस्थित स्वरूप देना है।
इस विधेयक के प्रावधान अनुसूचित जनजातियों पर लागू नहीं होंगे। संविधान के तहत संरक्षित पारंपरिक अधिकारों वाले वर्गों को भी इसके दायरे से बाहर रखा गया है।
उच्चतम न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर विधेयक का प्रारूप तैयार किया गया है। इसके तहत विवाह पंजीकरण अनिवार्य और बहुविवाह निषेध होगा। सभी धर्मों एवं समुदायों को अपनी-अपनी परंपराओं और रीतियों, जैसे सप्तपदी, निकाह, आनंद कारज, होली यूनियन आदि के अनुसार विवाह संपन्न कराने की पूर्ण स्वतंत्रता रहेगी।
कानून लागू होने के बाद संपन्न होने वाले सभी विवाहों का 60 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। लिव-इन संबंधों की शुरुआत और उनके समापन की लिखित सूचना या पंजीकरण का प्रावधान किया गया है, ताकि दोनों पक्षों के अधिकारों की सुरक्षा हो सके।
विवाह या तलाक के पंजीकरण का ज्ञापन मिलने के 15 दिनों के भीतर रजिस्ट्रार को प्रमाण पत्र जारी करना होगा अथवा कारण बताते हुए आवेदन लिखित रूप में खारिज करना होगा। आवेदन खारिज होने पर 30 दिनों के भीतर रजिस्ट्रार जनरल के समक्ष अपील की जा सकेगी और उसका निस्तारण 60 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा।
केवल पंजीकरण नहीं होने या देरी होने से विवाह अमान्य नहीं माना जाएगा। पंजीकरण नहीं कराने पर 10 हजार रुपये तक और नोटिस मिलने के बाद भी अनदेखी करने पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। जानबूझकर पंजीकरण प्रक्रिया में देरी या उपेक्षा करने वाले रजिस्ट्रार पर रजिस्ट्रार जनरल द्वारा 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा।
विधेयक में विवाह के बाद उत्पन्न विवादों के निपटारे के लिए स्पष्ट न्यायिक प्रक्रिया तय की गई है। संहिता के नियमों के उल्लंघन, जबरन अथवा धोखे से ली गई सहमति, नपुंसकता सहित अन्य कारणों के आधार पर न्यायालय द्वारा विवाह को शून्य घोषित करने के स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं।
पुत्र-पुत्री को उत्तराधिकार में समान अधिकार
उत्तराधिकार के मामलों में पुत्र और पुत्री को समान अधिकार दिए गए हैं। बिना वसीयत बनाए किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसकी संपत्ति का हस्तांतरण निर्धारित प्राथमिकता क्रम के अनुसार होगा। इसके लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
प्रथम श्रेणी में जीवित पति व पत्नी, उनके जीवित बच्चे, मृत बच्चों के पति व पत्नी एवं बच्चे तथा माता-पिता शामिल होंगे। दूसरी श्रेणी में सौतेले माता-पिता, भाई-बहन, दिवंगत भाई-बहन के पति-पत्नी एवं बच्चे, माता-पिता के भाई-बहन, दादा-दादी और नाना-नानी होंगे। अन्य श्रेणी में पहली दो श्रेणियों के अलावा अन्य रिश्तेदार शामिल होंगे।
यदि इन श्रेणियों में कोई कानूनी उत्तराधिकारी नहीं मिलता है तो संपत्ति सरकार के पास जाएगी, लेकिन सरकार भी संपत्ति से जुड़ी सभी देनदारियों और दायित्वों के अधीन होगी। मृत्यु के समय गर्भ में मौजूद शिशु, जो बाद में जीवित जन्मा हो, को भी उत्तराधिकार का पूरा कानूनी अधिकार मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए संचालन एवं संधारण नीति
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नल से जल की आपूर्ति को नियमित, स्वच्छ और टिकाऊ बनाए रखने के लिए संचालन एवं संधारण नीति को मंजूरी दी गई है। इसमें केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन 2.0 के दिशा-निर्देशों और इसके सभी 19 प्रमुख घटकों को शामिल किया गया है।
ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी प्रबंधन और निगरानी के लिए ग्राम पंचायत, क्लस्टर समिति, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर संस्थागत ढांचा बनाया जाएगा। स्थानीय स्तर पर बुनियादी ढांचे के दैनिक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत और ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की होगी। ये समितियां लघु सेवा प्रदाय निकाय के रूप में काम करेंगी।
तकनीकी मार्गदर्शन के लिए 5-6 ग्राम पंचायतों के समूह पर क्लस्टर समिति गठित की जाएगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और राजस्थान जल प्रदाय एवं सीवरेज निगम वृहद सेवा प्रदाय निकाय के रूप में कार्य करेंगे।
योजनाओं के वित्तीय प्रबंधन के लिए केंद्रीय एवं राज्य वित्त आयोग के टाइड फंड, राज्य वित्त आयोग, बजट, विधायक एवं सांसद निधि, डीएमएफटी फंड और उपभोक्ता शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग किया जाएगा। वीबी-जी राम जी योजना के तहत भी मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य किया जा सकेगा। इससे लोगों को समय पर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ जल उपलब्ध हो सकेगा।
1971 के युद्ध के 35 शहीद परिवारों को मिलेगा अनुकंपा नियुक्ति का लाभ
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने बताया कि 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन कैक्टस लिली) के दौरान राजस्थान के 326 सैनिक तत्काल शहीद हुए थे, जबकि 35 गंभीर रूप से घायल सैनिक इलाज के दौरान 1 जनवरी 1972 से 31 अक्टूबर 1972 के बीच वीरगति को प्राप्त हुए थे।
इन 35 सैनिकों को भी ऑपरेशन कैक्टस लिली के अंतर्गत बैटल कैजुअल्टी (फेटल) घोषित किया गया है। इनके कुटुम्ब के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान करने के लिए राजस्थान मृत सशस्त्र बल कार्मिक के (शहीद) आश्रितों को नियुक्ति नियम-2022 में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
योजना का लाभ देने के लिए निर्धारित समयावधि 31 दिसंबर 1971 से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 1972 कर दी गई है। इससे 1971 के युद्ध में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन 35 वीरों के परिवारों को भी आश्रित अनुकंपा नियुक्ति का हक मिल सकेगा।
पदोन्नति के लिए अनुभव में दो वर्ष की छूट
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने बताया कि वर्ष 2026-27 में कार्मिकों को पदोन्नति के लिए वांछित अनुभव में दो वर्ष की छूट देने का निर्णय किया गया है। यह छूट केवल उन कार्मिकों को मिलेगी, जिन्हें वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 में यह लाभ प्राप्त नहीं हुआ था।
इसके लिए विभिन्न सेवा नियमों में संशोधन कर दो वर्ष के सशर्त शिथिलन का प्रावधान किया जाएगा। इससे वांछित अनुभव की कमी के कारण रिक्त रहने वाले पदों को भरा जा सकेगा और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा।
दिव्यांग कर्मचारियों को 30 जून 2016 से पदोन्नति में नोशनल बेनेफिट
कैबिनेट ने शासकीय सेवा में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण का नोशनल बेनेफिट 30 जून 2016 से देने के लिए राजस्थान दिव्यांगजन अधिकार (संशोधन) नियम-2026 को मंजूरी दी है।
वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा की अनुपालना में लिए गए इस निर्णय से राज्य के दिव्यांग कार्मिकों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। राज्य में दिव्यांगों को पदोन्नति में दिए जा रहे 4 प्रतिशत आरक्षण के तहत अब 30 जून 2016 से नोशनल बेनेफिट दिया जाएगा।
मृत सरकारी कर्मचारी की पुत्रवधू भी अनुकंपा नियुक्ति की पात्र
कैबिनेट ने मृत सरकारी कर्मचारियों की अनुकंपा नियुक्ति के लिए पात्र आश्रितों की सूची में ‘पुत्रवधू’ को भी शामिल करने का निर्णय किया है। बजट घोषणा की अनुपालना में किए गए इस फैसले से मृत सरकारी कर्मचारी की पुत्रवधू को अनुकंपा नियुक्ति मिल सकेगी, जिससे वह परिवार का भरण-पोषण कर सकेगी।
प्रशिक्षण के दौरान पद त्याग पर वेतन-भत्तों की वसूली नहीं
राजपत्रित पद पर नियुक्ति के बाद प्रशिक्षण के दौरान या प्रशिक्षण समाप्ति से दो वर्ष की अवधि में पद त्याग करने पर कार्मिकों से केवल प्रशिक्षण व्यय की वसूली होगी। वेतन-भत्तों की वसूली नहीं की जाएगी।
राज्य या केंद्र सरकार के विभागों अथवा उपक्रमों में नई नियुक्ति के कारण पद त्याग करने पर प्रशिक्षण के दौरान भुगतान किए गए वेतन-भत्तों के साथ-साथ प्रशिक्षण व्यय की भी कोई वसूली नहीं होगी।
इसके अलावा एकल महिला राज्य कर्मचारियों को चाइल्ड केयर लीव एक कैलेंडर वर्ष में 3 के स्थान पर 6 चरणों में स्वीकृत की जा सकेगी। सरोगेसी से मातृत्व प्राप्त करने के मामलों में सरोगेट मदर को 180 दिन और कमीशनिंग मदर को 90 दिन का मातृत्व अवकाश दिया जाएगा। इन प्रावधानों के लिए मंत्रिमंडल ने राजस्थान सेवा नियम-1951 में संशोधनों को मंजूरी दी है।
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग में वार्डन भर्ती का रास्ता साफ
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा संचालित राजकीय आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में वार्डन के पदों पर भर्ती का रास्ता साफ करने के लिए राजस्थान जनजाति क्षेत्रीय विकास राज्य एवं अधीनस्थ सेवा (भर्ती एवं सेवा की अन्य शर्तें) नियम, 2001 में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
इसमें परीक्षा स्कीम, निगेटिव मार्किंग, न्यूनतम पासिंग मार्क्स 40 प्रतिशत और विस्तृत पाठ्यक्रम के प्रावधान जोड़े गए हैं। इस निर्णय से टीएडी विभाग में छात्रावास अधीक्षक महिला ग्रेड-2 के 254 पद सहित छात्रावास अधीक्षक ग्रेड-2 के कुल 470 पद राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा समान पात्रता परीक्षा के माध्यम से भरे जा सकेंगे। पहले ये पद शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर भरे जाते थे।
वन विभाग में पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त
राजस्थान वन अधीनस्थ सेवा नियम, 2015 में संशोधनों को भी मंजूरी दी गई है। इससे वनरक्षक पद से सहायक वनपाल, सहायक वनपाल पद से वनपाल और सर्वेयर से कनिष्ठ अभियंता के पदों पर पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के सेवा नियमों में संशोधन
वित्त विभाग की अधिसूचना दिनांक 11 दिसंबर 2024 के माध्यम से राजस्थान सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2017 में किए गए संशोधन में विभिन्न विभागों में पदोन्नति के अवसर बढ़ाए गए थे। इसमें समेकित बाल विकास सेवा के संयुक्त निदेशक एवं कार्यक्रम निदेशक/अतिरिक्त निदेशक के दो नवीन पदनाम भी शामिल थे।
अब इन पदों को राजस्थान समेकित बाल विकास (राज्य एवं अधीनस्थ) सेवा नियम, 1998 में शामिल किया गया है। पदोन्नति के इन दो अतिरिक्त अवसरों से आईसीडीएस में विभागीय कार्यों में गुणवत्ता और प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।
उद्योग और अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने बताया कि मैसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड को जैसलमेर जिले के ग्राम पारेवर में करीब 306 हेक्टेयर औद्योगिक भूमि आवंटित करने की मंजूरी दी गई है।
प्रदेश में अक्षय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए चार अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है। बीकानेर जिले की तहसील पूगल के ग्राम बरजू में लगभग 228 हेक्टेयर, जैसलमेर जिले की उपनिवेशन तहसील रामगढ़-2 के ग्राम रामगढ़ बारानी दक्षिण में लगभग 485 हेक्टेयर भूमि सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए तथा जैसलमेर जिले की तहसील फतेहगढ़ के ग्राम तोगा व नीम्बा में 178 हेक्टेयर भूमि और बाड़मेर जिले की तहसील शिव के ग्राम लीकड़ी में लगभग 51 हेक्टेयर भूमि सोलर-विंड हाइब्रिड परियोजना के लिए सशर्त कीमतन आवंटन की स्वीकृति दी गई है।
एस्केप जलाशय से प्रभावित 21 काश्तकारों को भूमि आवंटन
राज्य मंत्रिमंडल ने जैसलमेर जिले की उपनिवेशन तहसील नाचना-1 के ग्राम चिन्नू में एस्केप जलाशय (आरडी 1121) के निर्माण से प्रभावित 21 गैर-खातेदार काश्तकारों को उसी गांव में भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसे विशेष परिस्थिति मानते हुए अपवाद स्वरूप मंजूरी दी गई है, ताकि प्रभावित काश्तकारों का पुनर्वास हो सके और वर्षों पुराना विवाद सुलझाया जा सके।
इंदिरा गांधी मुख्य नहर की बुर्जी 1121 पर एस्केप चैनल निर्माण के लिए वर्ष 1999 में 21 काश्तकारों की लगभग 722 बीघा भूमि ली गई थी। उस समय औपचारिक भूमि अवाप्ति प्रक्रिया पूरी किए बिना ही भूमि एस्केप चैनल के नाम दर्ज कर दी गई थी और काश्तकारों को विकल्प के रूप में अन्यत्र भूमि नहीं मिल सकी थी।
यह एस्केप जलाशय जल जीवन मिशन के तहत जोधपुर शहर को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत आवश्यक प्रोजेक्ट है। मानसून के दौरान नहर से मिलने वाले अतिरिक्त पानी का इस जलाशय में संग्रहण किया जा सकेगा, जिससे जोधपुर को नियमित जलापूर्ति में मदद मिलेगी।
मंत्रिमंडल के इन फैसलों में वृक्ष संरक्षण से लेकर समान नागरिक संहिता, ग्रामीण जलापूर्ति, सैनिक परिवारों के अधिकार, कार्मिकों की पदोन्नति, दिव्यांग कर्मचारियों के लाभ, महिला कर्मचारियों की सुविधाओं, औद्योगिक एवं अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं तथा प्रभावित काश्तकारों के पुनर्वास से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
