सवाईमाधोपुर की 12 वर्षीय औजस्वी धवानिया ने CBSE नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल
सवाईमाधोपुर के बरदाला की औजस्वी ने 1 लैप रोड स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया; अब तक 21 स्वर्ण जीत चुकी हैं और वर्ल्ड गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं।

पोडियम पर स्वर्ण पदक के साथ औजस्वी धवानिया अन्य विजेता खिलाड़ियों और आयोजकों के साथ खड़ी दिख रही हैं।
राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के ग्राम बरदाला की 12 वर्षीय औजस्वी धवानिया ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए CBSE National Skating Championships 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर गांव, जिले और राजस्थान का नाम रोशन किया है। 16 से 19 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता की 1 लैप रोड स्पर्धा में औजस्वी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
ग्राम पोस्ट बरदाला की मूल निवासी रामकेश मीणा की बेटी औजस्वी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ता धनेश शर्मा ने बताया कि औजस्वी ने छोटी उम्र से ही स्केटिंग के प्रति जुनून और लगन के साथ अपनी पहचान बनाई है। वह अब तक जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 21 स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं।
महज 12 वर्ष की उम्र में औजस्वी ने निरंतर मेहनत, अनुशासन, लगन और कठिन अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता में माता-पिता, कोच और परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
औजस्वी का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने तक सीमित नहीं है। उनका सपना अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और World Games में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाना है।
बरदाला की इस होनहार खिलाड़ी की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है। औजस्वी ने अपनी उपलब्धियों से साबित किया है कि मजबूत इरादों, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
CBSE नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की और औजस्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
