आईटीआई प्रवेश का एक और मौका, सवाई माधोपुर में 9-10 अगस्त को ऑनलाइन आवेदन
सवाई माधोपुर और चौथ का बरवाड़ा आईटीआई में प्रवेश का एक और मौका, 9-10 अगस्त को ऑनलाइन आवेदन, 12 अगस्त को सीट आवंटन होगा।

राजकीय आईटीआई सवाई माधोपुर में प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया से वंचित रहने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश का एक और अवसर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 9 और 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस अवधि में विकल्प फॉर्म में ऑनलाइन संशोधन के साथ नया ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकेगा।
आईटीआई के अधीक्षक रामधन मीणा ने बताया कि आवेदन संस्थान में संचालित विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश के लिए किए जाएंगे। इनमें स्टेनोग्राफर हिंदी, इलेक्ट्रीशियन, फीटर, डीजल मैकेनिक, प्लंबर, कोपा, सोलर टेक्नीशियन, हाउसकीपिंग एवं रेफ्रिजरेटर एंड एयर कंडीशनर व्यवसाय शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को राजस्थान सरकार के एकीकृत पोर्टल एसएसओ अथवा ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 12 अगस्त को आवेदित अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की जाएगी। इसके बाद 13 एवं 14 अगस्त को संस्थान में मूल दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रशिक्षण शुल्क के आधार पर सीट आवंटित अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। महिलाओं के लिए प्रशिक्षण शुल्क पूरी तरह से नि:शुल्क रखा गया है।
इसी प्रकार चौथ का बरवाड़ा स्थित राजकीय आईटीआई में भी प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। आईटीआई की अधीक्षक लिछमन मीना ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी इलेक्ट्रिशियन, फीटर, डीजल मैकेनिक एवं वैल्डर व्यवसाय के लिए 9 एवं 10 अगस्त को ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भरकर प्रवेश ले सकते हैं।
इस तरह प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया में वंचित अभ्यर्थियों के लिए 9 और 10 अगस्त को आवेदन का अवसर उपलब्ध रहेगा, जिसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सीट आवंटन और प्रवेश की कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
