शिक्षा विभाग के महत्वाकांक्षी 'प्रवेशोत्सव' कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित हाउस होल्ड सर्वे के प्रथम चरण की जमीनी हकीकत परखने के लिए आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (एसीबीईओ) हनुमान गोयल ने पीईईओ क्षेत्र रायपुर एवं फुलवाड़ा का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के उन 25 प्रतिशत शिक्षकों के कार्यों का मौके पर जाकर अवलोकन किया, जो घर-घर जाकर हाउस होल्ड सर्वे की प्रक्रिया पूर्ण कर रहे हैं और रियल-टाइम डेटा की प्रविष्टि ऑनलाइन शिक्षक ऐप पर सुनिश्चित कर रहे हैं। निरीक्षण के पश्चात राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रायपुर एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलवाड़ा में आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों में एसीबीईओ ने लाडो योजना, प्रवेशोत्सव, आंगनबाड़ी समन्वयन, छात्र व शिक्षक उपस्थिति, पोषाहार प्रबंधन तथा विद्यालय रैंकिंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संबंधित प्रभारियों को स्पष्ट विभागीय निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने हेतु कड़े निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलवाड़ा में शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिन उत्साहजनक दृश्य देखने को मिला, जहाँ कक्षा प्रथम में नवीन प्रवेश लेने वाली बालिका नीति (सुपुत्री इमरान खान) का भव्य स्वागत किया गया। शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण सृजित करने के उद्देश्य से एसीबीईओ हनुमान गोयल, विद्यालय के प्रधानाचार्य बल्लभ राम मीणा, कक्षा अध्यापिका बबीता अरोड़ा एवं ब्लॉक साक्षरता समन्वयक सतीश घुरैया ने संयुक्त रूप से बालिका को माला पहनाकर उसका सम्मान किया। यह आयोजन न केवल शिक्षा के प्रति समुदाय की जागरूकता को प्रदर्शित करता है, बल्कि 'प्रवेशोत्सव' के माध्यम से शत-प्रतिशत नामांकन के विभागीय संकल्प को भी सुदृढ़ करता है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story