जिलेभर में रविवार से शुरू हुए पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर पोलियोरोधी दवा पिलाने का अभियान तेज किया। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिले में 2,13,486 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए हाउस-टू-हाउस विजिट हेतु 1,568 टीमों का गठन किया गया है। सोमवार को इन टीमों ने घर-घर जाकर पहले दिन दवा पीने से वंचित रह गए बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई तथा संबंधित घरों को चिन्हित भी किया।

डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे को पहले भी कई बार पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी है, तब भी इस अभियान के दौरान निर्धारित खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि बच्चा पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित रह सके।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा घर-घर पहुंचने वाली टीमों का सहयोग करने की अपील की है, जिससे जिले का कोई भी बच्चा पोलियोरोधी खुराक से वंचित न रहे और अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story