जैसलमेर पत्रकार मामले में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को राजसमंद में ज्ञापन
आईएफडब्ल्यूजे ने जैसलमेर में वरिष्ठ पत्रकार की आजीविका बहाली की मांग को लेकर राजसमंद प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी।

राजसमंद में वंदे गंगा अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को जैसलमेर प्रकरण के संबंध में ज्ञापन सौंपते आईएफडब्ल्यूजे प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेशचंद्र भाट (बाएं से दूसरे) और अन्य पत्रकार साथी।
जैसलमेर में एक पत्रकार की आजीविका पर बुलडोजर चलाए जाने के प्रकरण तथा उसकी जांच में राज्य सरकार द्वारा बरती जा रही कथित शिथिलता को लेकर पत्रकारों में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में आईएफडब्ल्यूजे राजसमंद जिला इकाई द्वारा संगठन की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेशचंद्र भाट के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को ज्ञापन सौंपा गया।
यह ज्ञापन वंदे गंगा अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान सौंपा गया, जिसमें पत्रकारों ने उपमुख्यमंत्री को पूरे प्रकरण की गंभीरता से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि यदि राज्य सरकार का यही रुख जारी रहा तो जून माह के प्रथम सप्ताह में आबू बैठक के पश्चात संगठन को पुनः राजधानी जयपुर में एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि उन्हें इस प्रकरण की पूरी जानकारी है। साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि जैसलमेर से कलेक्टर का तबादला कर दिया गया है। इस पर कार्यसमिति सदस्य सुरेशचंद्र भाट ने स्पष्ट रूप से कहा कि तबादला इस प्रकरण का समाधान नहीं है, क्योंकि यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
उन्होंने आगे कहा कि वास्तविक समाधान वरिष्ठ पत्रकार की आजीविका की पुनर्स्थापना है, जिसे राज्य सरकार जांच के पश्चात शीघ्र-अतिशीघ्र सुनिश्चित करे। इस पर उपमुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि वे इस विषय को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों के असंतोष को लेकर राज्य सरकार पूर्ण रूप से गंभीर है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आईएफडब्ल्यूजे राजसमंद इकाई से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे। यह मामला अब प्रशासनिक आश्वासनों और संभावित आंदोलन की चेतावनी के बीच गंभीर राजनीतिक और पत्रकार हितों से जुड़ा मुद्दा बनता जा रहा है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
