प्रबल कार्यक्रम से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का मंच
सवाई माधोपुर के 366 सरकारी स्कूलों में ‘प्रबल’ कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें विद्यार्थियों को 21वीं सदी के कौशल और प्रतिभा प्रदर्शन का मंच मिलेगा।

तस्वीर में स्कूल के छात्र-छात्राएं 'मॉक विधानसभा' के मंच पर खड़े होकर चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह तस्वीर काल्पनिक है और एआई द्वारा केवल संदर्भ के लिए बनाई गई है।
राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की नई पहल ‘प्रबल’ के तहत सवाई माधोपुर जिले के 366 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और 21वीं सदी के जीवन कौशल विकसित किए जाएंगे। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित होने वाले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर से राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
एडीपीसी, समग्र शिक्षा हरकेश लाल मीना ने बताया कि जिले में प्रबल कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए सितंबर माह से विद्यालय, ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विद्यालय से एक छात्र और एक छात्रा का चयन कर उन्हें ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभागिता का अवसर दिया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर चयनित दो विद्यार्थी जिला स्तरीय गतिविधियों में भाग लेंगे, जबकि जिले से चयनित चार विद्यार्थी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में दो दिवसीय गतिविधियां होंगी। राज्य स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की तैयारी एवं सहभागिता के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने बताया कि प्रबल कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को 21वीं सदी के 14 महत्वपूर्ण जीवन कौशलों से जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता, रचनात्मकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए आत्मविश्वासी, सक्षम एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान विधानसभा, जयपुर में किया जाना प्रस्तावित है। इसमें चयनित विद्यार्थी ‘मॉक विधानसभा’ के माध्यम से विभिन्न विषयों पर संवाद एवं चर्चा में भाग लेंगे। इस गतिविधि से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, विचार-विमर्श एवं जनप्रतिनिधित्व की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा।
प्रबल कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय स्तर से राज्य स्तर तक विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच देने के साथ नेतृत्व, तार्किक एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जीवनोपयोगी कौशलों के विकास पर जोर दिया जाएगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
