बाड़मेर से पीएम मोदी ने 1.05 लाख करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया, गंगापुर सिटी में लाइव प्रसारण देख जुटे सैकड़ों लोग
बाड़मेर के पचपदरा से पीएम मोदी ने 1.05 लाख करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। गंगापुर सिटी में लाइव प्रसारण के दौरान 150 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

तस्वीर में गंगापुर सिटी के सभा भवन में उपस्थित जनप्रतिनिधि और नवनियुक्त अभ्यर्थी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देख रहे हैं।
गंगापुर सिटी, मदन मोहन गर्ग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बाड़मेर के पचपदरा से राजस्थान के विकास से जुड़ी 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान ₹79 हजार करोड़ की राजस्थान रिफाइनरी का लोकार्पण, ₹13 हजार करोड़ की जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास तथा यमुना जल परियोजना का शुभारंभ किया गया। साथ ही प्रदेश के 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम का गंगापुर सिटी के सभा भवन में एलईडी के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे देखने के लिए सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक के नवनियुक्त लगभग 150 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। राज्य सरकार की ओर से सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को सम्मान स्वरूप किट भी भेंट की गई।
लाइव प्रसारण कार्यक्रम में पंचायत समिति गंगापुर सिटी की प्रधान मंजू गुर्जर, निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री विनोद अटल, शहर मंडल अध्यक्ष मिथिलेश व्यास, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रामभरोसी वैष्णव, उपखंड अधिकारी बृजेन्द्र मीणा, विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ब्लॉक नोडल एवं विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ने बताया कि ब्लॉक में अनेक जनप्रतिनिधिगण एवं नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और खुशी जाहिर की। राष्ट्रीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के माध्यम से विकास परियोजनाओं और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम से जुड़े लोगों ने आयोजन का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
