2 अगस्त को पीएम मोदी करेंगे नशा मुक्त युवा अभियान की शुरुआत, 1 करोड़ युवा होंगे शामिल
पीएम मोदी 2 अगस्त को नशा मुक्त युवा अभियान में युवाओं को संबोधित करेंगे, देशभर के 1 करोड़ से अधिक युवा होंगे कार्यक्रम से जुड़े।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित यह राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में जागरूक और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं की सहभागिता से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाना, खेल, संस्कृति, सामुदायिक गतिविधियों और सकारात्मक सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। यह अभियान प्रधानमंत्री के "नशा मुक्त भारत" और "विकसित भारत @2047" के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम से देशभर के लगभग 10,000 स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा जुड़ेंगे। इसमें माय भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक, युवा मंडल, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संस्थाओं के युवा सदस्य शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी "नशा मुक्ति शपथ" लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराएंगे। इसी अवसर पर 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ भी किया जाएगा। इसके तहत नियमित रूप से खेल, सांस्कृतिक, फिटनेस, जागरूकता, ध्यान एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
देशभर में अभियान से जुड़े कार्यक्रम स्थलों पर वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, योग एवं ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियाँ और अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही माय भारत पोर्टल पर चल रहे ई-प्रतिज्ञा अभियान के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए ऑनलाइन संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के तहत लोकगीत, माइम, लघु फिल्म/रील, चित्रकला, वाद-विवाद और स्लोगन लेखन जैसी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त ग्राम सभाओं में नशा मुक्त संकल्प सभाएँ, विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता एवं परामर्श सत्र, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान, अभिभावकों के लिए संवेदनशीलता कार्यक्रम और उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों एवं ग्रामों को सम्मानित करने जैसी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ होगा। इस सम्मेलन में देशभर के उत्कृष्ट प्रतिभागियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सकारात्मक एवं विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
