प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में शनिवार का दिन विशेष महत्व लेकर आया। "पीएम-किसान उत्सव दिवस" के अवसर पर देशभर के करोड़ों किसानों के साथ सवाई माधोपुर जिले के किसानों को भी सम्मान निधि की नई किश्त का लाभ मिला, जिससे कृषि क्षेत्र से जुड़े परिवारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किश्त जारी करते हुए देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का वर्चुअल हस्तांतरण किया। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को योजना से जुड़ी जानकारी प्रदान की गई।

उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि राजस्थान में कुल 66.22 लाख किसानों को इस किश्त का लाभ प्राप्त हुआ है। वहीं सवाई माधोपुर जिले के 1,32,538 किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि सीधे हस्तांतरित की गई, जिससे किसानों को कृषि कार्यों और अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन डीओआईटी वीसी कक्ष, सवाई माधोपुर में किया गया, जहां उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इसके अलावा कृषि विज्ञान केन्द्रों, किसान उत्पादक संगठनों, कृषि मंडियों, ब्लॉक कार्यालयों, पंचायत मुख्यालयों, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्रों तथा प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कृषि विभाग के समन्वय से जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं तथा कृषि विकास से जुड़े प्रयासों की जानकारी भी प्राप्त हुई।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किश्त का यह वितरण किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल किसानों को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता मिली है, बल्कि कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्थिरता को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story