राजकीय विद्यालय फुलवाड़ा के विकास हेतु भामाशाह ने दिए 71 हजार रुपए
मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत प्राप्त राशि और सरकारी अनुदान से विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

सवाई माधोपुर में प्रधानाचार्य संजय कुमार मीना (बाएं से चौथे) एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता (बाएं से पांचवें) को भामाशाह ऋषिकेश मीणा द्वारा प्रदत्त सहयोग राशि का चेक सौंपते हुए।
जनसहयोग की मजबूत मिसाल पेश करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, फुलवाड़ा के भौतिक विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। सीआरपीएफ में डिप्टी कमांडेंट एवं भामाशाह ऋषिकेश मीणा द्वारा विद्यालय को 71 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की गई है, जिससे विद्यालय विकास को नई गति मिलने के साथ शिक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता को भी बल मिला है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार मीना ने उक्त सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने हेतु एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा। इस दौरान एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि “भविष्य की उड़ान” अभियान के सकारात्मक परिणाम अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से सामने आ रहे हैं, जिससे सरकारी विद्यालयों के प्रति आमजन का विश्वास और सहभागिता निरंतर बढ़ रही है।
कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने जानकारी दी कि भामाशाह द्वारा दी गई 71 हजार रुपए की राशि पर राज्य सरकार की ओर से लगभग 1.06 लाख रुपए का अतिरिक्त अनुदान प्राप्त होगा। इस प्रकार विद्यालय को कुल लगभग 1.77 लाख रुपए की राशि उपलब्ध होगी, जिसका उपयोग भवन मरम्मत, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, परिसर सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में किया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक परियोजना समन्वयक राकेश कुमार मीना, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी दीपक शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनसहयोग और सरकारी योजनाओं के समन्वय से फुलवाड़ा विद्यालय का यह विकास मॉडल ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की ओर अग्रसर है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
