गंगापुर सिटी में मंगलवार को भाजपा जिला सवाई माधोपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कहा कि पांचना बांध का पानी नहरों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान के किसान लंबे समय से इस निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे थे, जिसे प्रदेश सरकार ने साकार किया है।

मानसिंह गुर्जर ने कहा कि वर्षों से आवश्यकता होने के बावजूद पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार किसानों को सिंचाई के लिए पांचना बांध का पानी उपलब्ध नहीं करा सकी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के हस्तक्षेप के बाद 6 जुलाई को कमांड एवं कैचमेंट क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई हेतु पानी छोड़ा गया।

उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से वजीरपुर क्षेत्र के लिए पानी 7 जुलाई प्रातः 5 बजे तक छोड़ा गया। उनके अनुसार, यह निर्णय किसानों के हित में लिया गया है और इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए राहत मिलेगी।

मानसिंह गुर्जर ने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म, सिंचाई मंत्री सुरेश रावत तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार के साथ हुए यमुना जल समझौते को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

प्रेस वार्ता में नगर परिषद के निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष उदय सिंह गुर्जर, शहर मंडल अध्यक्ष मिथलेश व्यास तथा जिला सह मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसानों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story