पांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर किसानों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। इस ज्वलंत मांग को लेकर दिनांक 5 जून 2026 को ग्राम खण्डीप में एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन होने जा रहा है। महापंचायत के समर्थन में पिछले कई दिनों से चलाए जा रहे सघन जन जागरण अभियान के अंतिम दिन विधायक रामकेश मीना, पंच-पटेलों, किसान नेताओं एवं क्षेत्र के किसानों ने कमाण्ड क्षेत्र के विभिन्न गांवों का व्यापक दौरा कर किसानों को संगठित होने का निर्णायक संदेश दिया। इस जनसंपर्क अभियान के दौरान किसानों की एकजुटता और हक के लिए संघर्ष का एक अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला।

जन जागरण अभियान की शुरुआत होटल राजमहल से हुई, जहां से दर्जनों वाहनों का एक विशाल काफिला रवाना हुआ। इस काफिले के साथ विधायक रामकेश मीना ने क्षेत्र के ग्राम डिबस्या, छोटी उदेई, पिलौदा, महानन्दपुर ड्योढ़ा, खेड़ली, बगलाई, शिवाला, नयागांव, सुन्दरपुर, मोहचा का पुरा, मोहचा, नवाजीपुरा तथा भालपुर सहित अनेक गांवों का तूफानी दौरा किया। इन गांवों में ग्रामीणों, युवाओं और किसानों से सीधा संवाद करते हुए विधायक मीना ने हुंकार भरी कि यह महापंचायत केवल पानी की मांग का सामान्य कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह किसानों के हक, सम्मान और उनके भविष्य की लड़ाई का एक निर्णायक पड़ाव है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भारी से भारी संख्या में खण्डीप पहुंचने और अपनी अटूट किसान एकता का परिचय देने का पुरजोर आह्वान किया।

इस व्यापक जनसम्पर्क अभियान के दौरान मौजूद पंच-पटेलों एवं किसान प्रतिनिधियों ने मामले के कानूनी और प्रशासनिक पहलुओं को रेखांकित करते हुए सरकार को घेरा। किसान नेताओं ने साफ तौर पर कहा कि माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद पांचना बांध की नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाना न केवल क्षेत्र के अन्नदाताओं के साथ घोर अन्याय है, बल्कि यह सीधे-सीधे न्यायालय के आदेशों की भी अवहेलना है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सिंचाई के लिए पानी न मिलने के अभाव में क्षेत्र का किसान आज गहरे आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और अब अपने जीवन तथा अधिकारों की रक्षा के लिए वह संगठित होकर संघर्ष के रास्ते पर उतरने के लिए मजबूर हो गया है।

आंदोलन की सफलता और क्षेत्र की खुशहाली के लिए इस अभियान के दौरान एक आध्यात्मिक समन्वय भी देखने को मिला। विधायक रामकेश मीना, ग्राम खण्डीप के पंच-पटेलों एवं किसानों ने पीर बाबा के पावन स्थान पर पहुंचकर पूरी आस्था के साथ चादर चढ़ाई और विशेष पूजा-अर्चना की। सभी ने मिलकर आगामी किसान महापंचायत की अभूतपूर्व सफलता तथा पूरे क्षेत्र में सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।

अभियान के अंतिम चरण में विधायक रामकेश मीना ने स्वयं ग्राम खण्डीप स्थित किसान महापंचायत स्थल का दौरा कर तैयारियों का धरातलीय जायजा लिया। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक की और पाण्डाल, पेयजल, भोजन, छाया, हवा, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए ताकि महापंचायत में आने वाले किसी भी ग्रामीण को असुविधा न हो।

विधायक मीना ने दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि खण्डीप की यह ऐतिहासिक किसान महापंचायत कमाण्ड क्षेत्र के शोषित किसानों की एक बुलंद और एकजुट आवाज बनकर उभरेगी तथा अपनी इस ताकत के बल पर वह सरकार को किसानों के हित में पांचना बांध की नहरों में पानी खोलने के लिए पूरी तरह बाध्य कर देगी। उन्होंने क्षेत्र के समस्त किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं आमजन से अपील की कि वे अधिकाधिक संख्या में महापंचायत में हिस्सेदार बनें और अधिकारों की इस महाजंग को अपनी उपस्थिति से मजबूती प्रदान करें।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story