गंगापुर सिटी। पांचना बांध को लेकर उपजे विवाद ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य वंदना मीणा ने इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रदेश सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा करते हुए किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पांचना बांध किसी विशेष क्षेत्र, समाज या वर्ग की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि एक साझा प्राकृतिक धरोहर है, जिस पर सभी का समान हक है।

वंदना मीणा ने इस महत्वपूर्ण जीवनदायिनी परियोजना को लेकर की जा रही राजनीति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मुद्दों पर समाजों के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। वर्तमान स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के गंभीर रूप लेने के बावजूद सरकार की ओर से कोई प्रभावी और ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व आदेशों का हवाला देते हुए राज्य सरकार से उनकी अक्षरश: पालना सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।

अपने संबोधन में वंदना मीणा ने पांचना बांध कमांड एरिया के किसानों के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने सरकार को चेतावनी भरे लहजे में आगाह किया कि प्रशासन को किसानों के धैर्य की परीक्षा लेने से बचना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार इस विवाद का अविलंब स्थायी और न्यायपूर्ण समाधान खोजे, अन्यथा स्थिति के बिगड़ने पर संपूर्ण उत्तरदायित्व सरकार का होगा। वंदना मीणा ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में वह व्यक्तिगत कारणों से राज्य से बाहर हैं, लेकिन राजस्थान लौटते ही वह सीधे धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों के आंदोलन को मजबूती प्रदान करेंगी और उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होंगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story