करौली पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप, विधायक रामकेश मीणा ने सीएम से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की
करौली पुलिस की कथित एकपक्षीय कार्रवाई पर विधायक रामकेश मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।

तस्वीर में गंगापुर सिटी से विधायक और विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी में पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ने को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद करौली पुलिस प्रशासन की कथित एकपक्षीय कार्रवाई का मामला तूल पकड़ गया है। गंगापुर सिटी विधायक एवं विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने तथा दोनों पक्षों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं समान कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक रामकेश मीणा ने कहा है कि राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए कमांड क्षेत्र के किसान लगातार नहरों में पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में किसानों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी किए। इस दौरान कमांड क्षेत्र और कैचमेंट क्षेत्र के कुछ लोगों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। साथ ही सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के लोगों द्वारा आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणियां की गईं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हुआ।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि 6 जुलाई 2026 को गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और सिंचाई मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पांचना बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा था, लेकिन तकनीकी कारणों से पानी कमांड क्षेत्र की नहरों तक नहीं पहुंच सका। इससे किसानों में आक्रोश बढ़ गया और उन्हें अपने साथ अन्याय होने का एहसास हुआ। विधायक ने इसके लिए संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
रामकेश मीणा ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में करौली पुलिस प्रशासन केवल कमांड क्षेत्र के किसानों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई कर रहा है, जबकि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां दोनों पक्षों की ओर से की गई थीं। उनका कहना है कि यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है तो कार्रवाई भी दोनों पक्षों के दोषियों के विरुद्ध समान रूप से होनी चाहिए। उनका आरोप है कि किसी एक पक्ष को निशाना बनाकर की जा रही कार्रवाई से प्रशासन की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर करौली पुलिस प्रशासन को दोनों पक्षों के दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष, समान एवं कानूनसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि कानून के प्रति आमजन का विश्वास बना रहे और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द कायम रह सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
