सवाई माधोपुर, 5 नवम्बर। जिले में आमजन की आवाज़ सीधे प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार, 6 नवम्बर को पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। यह जनसुनवाई कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से जिले की सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर एक साथ आयोजित होगा, जहां ग्रामीण अपने विविध प्रकार की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार हर माह के प्रथम गुरुवार को ग्राम पंचायत स्तर पर यह विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इस जनसुनवाई का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लंबित परिवेदनाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

कलक्टर ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, ताकि स्थल पर ही अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को राहत पहुंचाने और प्रशासनिक पारदर्शिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पंचायत स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रम से न केवल ग्रामीणों को अपनी समस्याएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, बल्कि अधिकारियों को भी जनहित से जुड़े मुद्दों को जमीनी स्तर पर समझने का अवसर प्राप्त होगा। जनसुनवाई के समापन तक प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण कर उनके निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

यह जनसुनवाई कार्यक्रम शासन की ‘जनसुनवाई से समाधान’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास साबित होगा, जिससे ग्रामीणों को अपने अधिकारों और सुविधाओं के प्रति जागरूकता भी प्राप्त होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story