सवाई माधोपुर, 3 नवम्बर।

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर “जनजातीय गौरव वर्ष” के तहत सवाई माधोपुर जिले में जनजातीय समाज के वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई। रविवार को जिलेभर में आयोजित वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा लाभ संतृप्ति शिविरों में सैकड़ों ग्रामीण और जनजातीय नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

अग्रणी जिला प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले के सभी ई-मित्र केंद्रों पर एक साथ इन शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें नए बैंक खाते खोले गए और निष्क्रिय खातों को री-केवाईसी प्रक्रिया के माध्यम से पुनः सक्रिय किया गया। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता पर विशेष कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया, जिससे ग्रामीण अंचलों के नागरिकों में डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूकता बढ़े।

शिविरों के दौरान प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के अंतर्गत पात्र नागरिकों को लाभ पहुंचाया गया। जिले में आयोजित 20 शिविरों में 110 नए पीएम जनधन खाते खोले गए, 45 लोगों का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में, 110 व्यक्तियों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में नामांकन हुआ। वहीं 30 व्यक्तियों ने अटल पेंशन योजना से जुड़कर सामाजिक सुरक्षा का कवच प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त 165 पीएम जनधन खातों एवं 135 अन्य बैंक खातों की री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे कुल 700 से अधिक नागरिक लाभांवित हुए।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी सक्रिय रूप से भाग लेकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ मिले। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनसेवा के आदर्शों से प्रेरित होकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए यह अभियान एक सशक्त मंच बन रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रदर्शनी और जागरूकता रैलियों के माध्यम से बिरसा मुंडा के योगदान को भी व्यापक रूप से प्रदर्शित किया गया।

कलक्टर ने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी वित्तीय संतृप्ति अभियान का उद्देश्य बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इन शिविरों के माध्यम से न केवल वित्तीय समावेशन को गति मिल रही है, बल्कि यह जनजातीय समाज के आर्थिक उत्थान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रहा है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story