सवाई माधोपुर में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जिला विकास प्रदर्शनी ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की उपलब्धियों को आमजन के समक्ष जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। “नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” की थीम पर इंदिरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी के दूसरे दिन बुधवार को उत्साह और सहभागिता का व्यापक दृश्य देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, जनप्रतिनिधि और स्कूली विद्यार्थी पहुंचे।

प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की गैलरी सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आगंतुकों ने राज्य सरकार के पिछले दो वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी ली। जनकल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, कृषि तथा आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं को सरल और संवादात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे आमजन को उनकी प्रक्रिया, पात्रता और लाभों की स्पष्ट समझ मिल सके।

युवाओं और विद्यार्थियों में नवाचार, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी योजनाओं को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। कई आगंतुकों ने सरकारी नीतियों और योजनाओं से संबंधित फोल्डर, बुकलेट, पम्फलेट और प्रचार सामग्री संकलित कर भविष्य में लाभ उठाने की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी स्थल पर मौजूद विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं से जुड़े प्रश्नों का समाधान कर सीधे संवाद के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस आयोजन को सरकार और जनता के बीच पारदर्शिता और विश्वास को सुदृढ़ करने वाला प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी न केवल योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करती है, बल्कि नागरिकों को विकास की प्रक्रिया से जोड़ने का भी कार्य करती है।

जिला विकास प्रदर्शनी का यह आयोजन राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा, जिसने सवाई माधोपुर में विकास और विश्वास के नए आयाम स्थापित किए।

Next Story