सवाई माधोपुर, 31 अक्टूबर। चौथ का बरवाड़ा: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर ब्लॉक चौथ का बरवाड़ा में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “एकता मार्च” और “रन फॉर यूनिटी” जैसे कार्यक्रमों का आयोजन थाना चौथ का बरवाड़ा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन, भाजपा मंडल और शैक्षिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ही “रन फॉर यूनिटी” के आयोजन से हुई, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। इसके पश्चात “एकता मार्च” निकाला गया, जिसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबू लाल सैनी, राजस्थान शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण कुमार जांगिड़, थाना अधिकारी कैलाश चंद शर्मा के नेतृत्व में ब्लॉक कार्यकारणी, राजस्थान शिक्षक संघ की पदाधिकारी और सदस्य, तथा थाना चौथ का बरवाड़ा के सभी स्टाफ ने भाग लिया।

समारोह में उपस्थित सभी नागरिकों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की याद में आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शपथ समारोह के माध्यम से एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति को सम्मानित करना था, बल्कि नागरिकों में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करना भी था।

इस भव्य आयोजन ने चौथ का बरवाड़ा के नागरिकों में राष्ट्रीय एकता के महत्व को रेखांकित किया और यह संदेश दिया कि समाज में भाईचारा, एकजुटता और जिम्मेदारी बनाए रखना हर नागरिक की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Next Story