श्यारोली। राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यारोली में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक प्रेरणादायी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी ने पूरे गांव को हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से सराबोर कर दिया। प्रभात फेरी को धर्म सिंह पहलवान एवं विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सोहन लाल गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “स्वच्छ पृथ्वी, हरी-भरी पृथ्वी”, “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” और “पर्यावरण है हम सबकी जान, इसलिए करो इसका सम्मान” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से ग्रामवासियों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। बच्चों के उत्साह और नारों से श्यारोली की गलियां गूंज उठीं, जिससे ग्रामीणों में भी पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचा।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान उप प्रधानाचार्य सोहन लाल गुप्ता, फिरोज खान, महेंद्र सिंह धनवाल एवं जितेंद्र वर्मा ने पौधे लगाकर उनकी देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी ली। पौधारोपण के पश्चात उप प्रधानाचार्य सोहन लाल गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ जीवन के लिए पेड़ों का होना अनिवार्य है, क्योंकि पेड़ हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और अशुद्ध हवा के दुष्प्रभाव को देखते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और उनकी सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में लेखराज माली, शेरुद्दीन, शेर मोहम्मद, फिरोज खान, कृष्ण चंद्र अग्रवाल, महेंद्र सिंह धनवाल, श्रीमती लक्ष्मी कुमारी, रजनी, रमेश माली, दिनेश लाल शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह प्रभात फेरी न केवल एक औपचारिक कार्यक्रम रही, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सशक्त और सार्थक पहल बनकर सामने आई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story