सवाई माधोपुर, 14 दिसम्बर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का विशेष प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में 15 दिसम्बर 2025 को जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में ‘आरोग्य शिविरों’ का आयोजन किया जाएगा। जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में आमजन को निःशुल्क और व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि इन शिविरों में आमजन के लिए विभिन्न रोगों की जांच, उपचार, चिकित्सीय परामर्श तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही जिला अस्पताल सवाई माधोपुर, जिला अस्पताल गंगापुरसिटी, रणथम्भोर ब्लड बैंक सवाई माधोपुर, सी पी हॉस्पिटल और रिया हॉस्पिटल गंगापुर सिटी में रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे आपात स्थिति में रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

आरोग्य शिविरों में आमजन को ओपीडी सेवाएं जैसे जनरल फिजिशियन, स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, ईएनटी और कैंसर से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, टीबी, अंधता, गर्भवती एवं धात्री माताओं की एएनसी जांच, शिशुओं की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण, विभिन्न डायग्नोस्टिक एवं लैब टेस्ट, आवश्यक दवाइयों का वितरण और मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण तथा स्वस्थ जीवनशैली पर जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।

डॉ. जेमिनी ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आमजन को सेवाएं प्रदान करेगी। इसके साथ ही, आभा आईडी जारी करने के लिए भी शिविर स्थलों पर काउंटर स्थापित किए जाएंगे। आरोग्य शिविरों के सफल संचालन और अधिकतम लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी बीसीएमओ, पीएमओ, चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मियों को पूर्ण भागीदारी देने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिविरों की तैयारी में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, ताकि जिले के सभी नागरिक गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करेगी, बल्कि आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story