सवाई माधोपुर, 25 नवंबर। सवाई माधोपुर जिले में बीससूत्री कार्यक्रम, फ्लैगशिप योजनाओं और आशान्वित ब्लॉक प्रोग्राम की समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को न केवल योजनाओं की समय पर प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया, बल्कि जिले को अग्रणी बनाने के लिए निष्ठा, उत्तरदायित्व और समन्वय से काम करने का आह्वान भी किया। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विभागवार फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारियों को योजनाओं के लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर समय पर उपलब्धि दर्ज करानी होगी। उन्होंने उन विभागों को कड़ी चेतावनी दी, जो निर्धारित लक्ष्यों में पिछड़ रहे हैं, और कहा कि समय पर प्रगति नहीं करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

कलक्टर ने अमृत योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में सीवरेज लाइन, जल निकायों के कायाकल्प में न्यूनतम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एईएन नगर परिषद को नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य आयोजना अधिकारी को दिए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की पहचान और लंबित आवेदनों का निस्तारण जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना को करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता बीएल मीना को कुसुम-ए योजना के तहत नरोली चौड़ प्लांट के शीघ्र प्रारंभ के आदेश दिए गए, जबकि शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में छात्राओं के लिए अलग शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पंच गौरव योजना में शामिल सभी विभागों को प्रचार प्रसार के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाने का निर्देश भी दिया गया।

15 सूत्रीय बैठक में जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत साहूनगर क्लस्टर का अनुमोदन किया और साहूनगर विद्यालय में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति दी। उन्होंने अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के छात्रावास, पंजीकृत मदरसों और मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकरण योजना के तहत स्वीकृत मदरसों के समय पर निर्माण कार्य की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अल्पसंख्यक समुदाय के रोजगार सृजन हेतु उनके आवेदन प्रस्ताव उद्योग विभाग और जिला अग्रणी प्रबंधक प्रदीप कुमार को भेजने के आदेश प्रदान किए।

बैठक में एलडीएम प्रदीप कुमार, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, संयुक्त निदेशक डीओआईटी पंकज मीना, मुख्य आयोजना अधिकारी विजेन्द्र जाट, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह मीना समेत सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे राज्य सरकार की योजनाओं की अद्यतन प्रगति नियमित रूप से पोर्टलों पर अपलोड कर सवाई माधोपुर को प्रदेश में अग्रणी जिला बनाएं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story